फर्रुखाबाद में राष्ट्रीय लोक अदालत में 1.37 लाख से अधिक मामलों का निस्तारण, 11.91 करोड़ रुपये की वसूली

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 मार्च 2026 माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फर्रुखाबाद के तत्वावधान में शनिवार को जनपद न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया।

इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय जमशेद अली, पीठासीन अधिकारी मोटर वाहन दुर्घटना अधिकरण संतोष कुमार तिवारी, बार के पदाधिकारी, अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी, वादकारी तथा कर्मचारीगण मौजूद रहे।

राष्ट्रीय लोक अदालत में जनपद के विभिन्न बैंक, विद्युत विभाग, नगर पालिका परिषद तथा अन्य प्रशासनिक विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाकर पक्षकारों की सहमति से मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराया गया। बैंक वसूली से जुड़े 549 मामलों का निस्तारण करते हुए बैंकों द्वारा कुल 6,32,78,500 रुपये की धनराशि वसूल की गई। वहीं विद्युत बिल से संबंधित 60,283 मामलों का निस्तारण किया गया।

परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश जमशेद अली ने 40 पारिवारिक/वैवाहिक मामलों का निस्तारण किया, जिनमें से 7 दंपतियों को सुलह के आधार पर पुनः साथ रहने के लिए विदा किया गया। मोटर वाहन दुर्घटना प्रतिकर अधिकरण के पीठासीन अधिकारी संतोष कुमार तिवारी ने 20 मामलों का निस्तारण किया, जबकि जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष नरेश कुमार ने अपने न्यायालय से 13 मामलों का निपटारा किया।

लोक अदालत में जनपद के विभिन्न न्यायालयों एवं विभागों द्वारा चिन्हित मामलों में से लंबित 4,574 मामलों में से 4,089 तथा प्री-लिटिगेशन के 1,34,764 मामलों में से 1,33,680 मामलों का निस्तारण किया गया। इस प्रकार कुल 1,39,338 मामलों में से 1,37,769 मामलों का निस्तारण करते हुए 11,91,10,805 रुपये की धनराशि जमा कराई गई। अधिकारियों के सहयोग से निर्धारित लक्ष्य से अधिक मामलों का समाधान किया गया।

कार्यक्रम में अपर जिला जज, विशेष न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सिविल जज, न्यायिक मजिस्ट्रेट, बैंक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, परा विधिक स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में वादकारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के समापन पर जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार तथा अपर जिला जज/नोडल अधिकारी संजय कुमार ने सभी अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment