‘भारत नहीं, ऑस्ट्रेलिया जीतेगा 2-1 से सीरीज’, शुभमन गिल को कप्तान बनाए जाने पर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने की भविष्यवाणी

टीम इंडिया के नए कप्तान शुभमन गिल के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा अब तक के करियर का सबसे बड़ा टेस्ट साबित होने वाला है. हाल ही में चयनकर्ताओं ने वनडे फॉर्मेट से रोहित शर्मा को कप्तानी से हटा कर शुभमन को टीम की कमान सौंपी है. यह फैसला भले ही टीम इंडिया के भविष्य को ध्यान में रखकर लिया गया हो, लेकिन क्रिकेट जगत में इस पर लगातार चर्चा जारी है. इसी बीच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान आरोन फिंच ने एक बड़ा बयान दिया है.

फिंच ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज “रोमांचक” होगी, लेकिन उनका मानना है कि ऑस्ट्रेलिया 2-1 से सीरीज अपने नाम करेगा. उन्होंने कहा, “भारत के खिलाफ मैच खेलना हमेशा शानदार होता हैं. विराट कोहली की वापसी से टीम इंडिया का आत्मविश्वास जरूर बढ़ेगा, लेकिन ऑस्ट्रेलिया अपने घरेलू हालात में बेहद मजबूत टीम है. कागज पर दोनों टीम बराबरी की हैं. लेकिन मेरा मानना है कि यह सीरीज ऑस्ट्रेलिया जीतेगा.”