गया : राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत बुधवार को आयुर्विद्या पब्लिक हेल्थ प्रोग्राम के तहत इमामगंज और डुमरिया प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देशन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरिया अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य केंद्र बरहा के चिकित्सक डॉ. अमरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में कार्यक्रम का संचालन किया गया।
डॉ. अमरेंद्र कुमार ने बताया कि इमामगंज प्रखंड के आदर्श प्राथमिक मध्य विद्यालय, बसेता तथा उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, करासन कला और राजकीय मध्य विद्यालय, करासन कला के साथ डुमरिया प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय, फुलवरिया में आयुर्विद्या स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में दिनचर्या, ऋतुचर्या, रोगों की पहचान, संतुलित आहार, विहार, योग और प्राणायाम के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। चिकित्सक ने विद्यार्थियों को नियमित दिनचर्या अपनाने, खानपान पर ध्यान देने और स्वस्थ रहने के लिए योग को अपनी जीवनशैली में शामिल करने की सलाह दी। साथ ही आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और यूनानी चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूक करते हुए इनके महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को योग का प्रशिक्षण भी दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, आयुष चिकित्सा पदाधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं ने सहयोग किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को औषधीय पौधों का वितरण किया गया तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।