Friday, 30 October 2026 | 6:41 PM
भारत

सात वर्षों से फरार दो शराब तस्कर उड़ीसा से गिरफ्तार

Share:
सात वर्षों से फरार दो शराब तस्कर उड़ीसा से गिरफ्तार

द दस्तक 24 प्रतिनिधि द्वारा 
नवादा,15 अक्टूबर।
रजौली पुलिस ने सात वर्षों से फरार चल रहे दो कुख्यात शराब माफियाओं को उड़ीसा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर एसआई सचिन कुमार के नेतृत्व में की गई। थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि वर्ष 2019 में रजौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब से लदे दो ट्रकों को जब्त किया था। जब्त ट्रकों से लगभग 7000 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई थी। इस मामले में ट्रक, शराब के अलावा फरार तस्करों के विरुद्ध रजौली थाना कांड संख्या 06/19 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। कांड दर्ज होने के बाद से ही दोनों शराब माफिया लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए वे लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे। जानकारी के अनुसार दोनों बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई सहित देश के कई बड़े शहरों में छिपकर रह रहे थे। रजौली पुलिस द्वारा उनकी गिरफ्तारी के लिए कई बार छापेमारी की गई, लेकिन वे हर बार चकमा देकर फरार हो जाते थे। गिरफ्तारी नहीं होने पर न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने उनकी संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई भी की थी। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दोनों आरोपी वर्तमान में उड़ीसा के भुवनेश्वर जिले में छिपे हुए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने भुवनेश्वर में छापेमारी कर दोनों को धर दबोचा और रजौली थाना लाया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के बरूराज थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव निवासी प्रहलाद तिवारी के पुत्र ब्रजेश तिवारी उर्फ नेताजी और रजौली थाना क्षेत्र के मोहनरियातरी गांव निवासी स्व. वासुदेव यादव के पुत्र अमीरक यादव के रूप में हुई है। ब्रजेश तिवारी शराब तस्करी के नेटवर्क का मुख्य सरगना बताया जाता है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गुरुवार को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में नवादा जेल भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।