फर्रुखाबाद के नवाबगंज में एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 14 साल के एक किशोर की मौत के बाद परिवार में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब उन्हें लगा कि शव को पसीना आ रहा है। बंजारा बस्ती के रहने वाले बबलू का 14 वर्षीय बेटा हसन रविवार रात छत पर सो रहा था, तभी उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार, उसे सांप ने काट लिया था। उसे तुरंत नवाबगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन वहां कोई डॉक्टर नहीं मिला। इसके बाद एक प्राइवेट डॉक्टर ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार को घर में मातम के बीच जब हसन के अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं, तब किसी ने ध्यान दिया कि उसके माथे पर पसीना आ रहा है।
यह देखकर परिवार की उम्मीदें बंध गईं और वे तुरंत उसे दोपहर करीब ढाई बजे लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर भागे। लोहिया अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर वैभव यादव ने किशोर की दोबारा जांच की और उसे मृत बताया। डॉक्टर ने मौत का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी, लेकिन निराश परिजन बिना पोस्टमार्टम के ही शव वापस घर ले गए। मृतक हसन दो बहनों का इकलौता और सबसे बड़ा भाई था, जिसकी अचानक मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।