Tuesday, 15 September 2026 | 2:30 AM
भारत

फर्रुखाबाद में गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण, डीएम और एसपी ने दिए पारदर्शी वितरण के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 मार्च 2026 जनपद में रसोई गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने शनिवार को कमालगंज स्थित मधु गैस सर्विस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैस एजेंसी की व्यवस्थाओं,
Share:
फर्रुखाबाद में गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण, डीएम और एसपी ने दिए पारदर्शी वितरण के निर्देश
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 मार्च 2026 जनपद में रसोई गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने शनिवार को कमालगंज स्थित मधु गैस सर्विस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैस एजेंसी की व्यवस्थाओं, स्टॉक और उपभोक्ताओं को की जा रही आपूर्ति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने एजेंसी पर एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, उपभोक्ताओं द्वारा कराई जा रही बुकिंग, डिलीवरी व्यवस्था तथा स्टॉक रजिस्टर का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने एजेंसी संचालक से प्रतिदिन प्राप्त होने वाले गैस सिलेंडरों की संख्या और उपभोक्ताओं तक डिलीवरी में लगने वाले समय के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि बैकलॉग बुकिंग की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जाए और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता बिल्कुल भी न होने पाए। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल ऑनलाइन बुकिंग को ही स्वीकार किया जाए और गैस वितरण व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता रखी जाए।

डीएम ने एजेंसी संचालकों को उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश भी दिए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने भी एजेंसी परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन करने के निर्देश देते हुए कहा कि परिसर में अग्निशमन उपकरण हमेशा क्रियाशील अवस्था में रखे जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

निरीक्षण के समय संबंधित विभागों के अधिकारी तथा गैस एजेंसी के कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।