Monday, 14 September 2026 | 8:07 PM
India

फर्रुखाबाद में अवैध शराब के खिलाफ चला विशेष अभियान, आबकारी विभाग ने की दुकानों की औचक जांच

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 मई 2026 उत्तर प्रदेश के आबकारी आयुक्त के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ॰ अंकुर लाठर के निर्देशानुसार जनपद फर्रुखाबाद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध शराब के कारोबार प
Share:
फर्रुखाबाद में अवैध शराब के खिलाफ चला विशेष अभियान, आबकारी विभाग ने की दुकानों की औचक जांच
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 मई 2026 उत्तर प्रदेश के आबकारी आयुक्त के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ॰ अंकुर लाठर के निर्देशानुसार जनपद फर्रुखाबाद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

इसी क्रम में शुक्रवार को जिला आबकारी अधिकारी श्री जी०पी० गुप्ता ने आबकारी विभाग की टीम के साथ विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आवास विकास, भोलेपुर स्थित देशी शराब दुकान एवं कम्पोजिट शॉप की सघन जांच की गई।

जांच के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन के माध्यम से हो रही बिक्री, बारकोड स्कैनिंग प्रणाली तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। जिला आबकारी अधिकारी ने संबंधित अनुज्ञापियों को निर्देश दिए कि सभी अभिलेख अद्यतन रखें और शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करें।

निरीक्षण में दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का भौतिक सत्यापन कर अभिलेखों से मिलान भी किया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिला आबकारी अधिकारी श्री जी०पी० गुप्ता ने बताया कि जनपद में अवैध मदिरा के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन या आबकारी विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।