Friday, 30 October 2026 | 5:44 PM
उत्तर प्रदेश

16 साल से फरार वारंटी सारिक एटा से गिरफ्तार

Share:
16 साल से फरार वारंटी सारिक एटा से गिरफ्तार


चलती ट्रेन में फौजी की अटैची चोरी के मामले में था वांछित, जीआरपी कासगंज ने सुबह छह बजे दबोचा

कासगंज। चलती पैसेंजर ट्रेन में रेल यात्री और फौजी जवान की अटैची चोरी करने के मामले में करीब 16 वर्षों से फरार चल रहे वारंटी सारिक को जीआरपी कासगंज पुलिस ने शनिवार सुबह एटा जनपद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट जारी था और उसे फरार घोषित किया गया था।

जीआरपी पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सारिक पुत्र मुन्ने खां, एटा जनपद के कोतवाली नगर क्षेत्र में पटियाली गेट स्थित धोबियान गली का निवासी है। उसकी उम्र करीब 41 वर्ष बताई गई है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2010 में जीआरपी कासगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 119/10, धारा 379/511 के तहत मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद से वह न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहा था। पुलिस द्वारा कुर्की की कार्रवाई किए जाने के बावजूद आरोपी गिरफ्तारी से बचता रहा।

प्रेस नोट के मुताबिक, पुराने मामले के कारण पुलिस के पास आरोपी की तस्वीर, मोबाइल नंबर और पहचान संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अपना ठिकाना बदलकर रह रहा था और मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं करता था। इसके बाद जीआरपी कासगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना और लगातार सुरागरसी के आधार पर टीम गठित कर उसकी तलाश तेज की। आखिरकार 17 अक्टूबर 2026 को सुबह छह बजे एटा जनपद से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ जीआरपी और एटा जनपद के विभिन्न थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास में एटा के कोतवाली नगर थाने में वर्ष 2010 का हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामला भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

कार्रवाई में जीआरपी कासगंज के थानाध्यक्ष कोमल कुंतल, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार और कांस्टेबल आकाश फौजदार शामिल रहे।