Tuesday, 15 September 2026 | 3:30 AM
भारत

फर्रुखाबाद वृद्धाश्रम में व्यवस्थाओं की खुली पोल: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने औचक निरीक्षण में दिए सुधार के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 जून 2026 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद की पूर्णकालिक सचिव श्रीमती बिंदिया भटनागर ने मंगलवार को मोहम्मदाबाद-नवाबगंज रोड स्थित ग्राम सिरौली के वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं में कई कमियां सामने आईं, जिन पर सचिव ने स
Share:
फर्रुखाबाद वृद्धाश्रम में व्यवस्थाओं की खुली पोल: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने औचक निरीक्षण में दिए सुधार के निर्देश
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 जून 2026 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद की पूर्णकालिक सचिव श्रीमती बिंदिया भटनागर ने मंगलवार को मोहम्मदाबाद-नवाबगंज रोड स्थित ग्राम सिरौली के वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं में कई कमियां सामने आईं, जिन पर सचिव ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के समय अधीक्षक ने बताया कि वृद्धाश्रम में कुल 70 वृद्धजनों का पंजीकरण है, जबकि मौके पर 55 महिला एवं पुरुष वृद्धजन ही उपस्थित मिले। अनुपस्थित वृद्धजनों के संबंध में भी जानकारी ली गई।

सचिव ने वृद्धजनों के रहने, भोजन, स्वास्थ्य एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में पाया गया कि कमरों की खिड़कियों में पूरे पल्ले नहीं लगे हैं, कमरों में सीलन है तथा वृद्धजनों के बिस्तर अत्यधिक पास-पास लगाए गए हैं। इसके अलावा गद्दों और चादरों की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं पाई गई।

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि वृद्धाश्रम को किराये के भवन में ग्राम अलावलपुर से स्थानांतरित कर ग्राम सिरौली में संचालित किया जा रहा है, जो मुख्यालय एवं मोहम्मदाबाद कस्बे से काफी दूर स्थित है। सचिव ने इस व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त की।

वृद्धजनों ने निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, विशेषकर आंखों से कम दिखाई देने और अन्य बीमारियों की शिकायत की। इस पर सचिव ने अधीक्षक को सभी वृद्धजनों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने, नेत्र एवं हड्डी रोग विशेषज्ञों का शिविर आयोजित करने तथा जरूरतमंदों को चश्मे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सचिव ने राशन भंडार कक्ष का भी निरीक्षण किया। अधीक्षक ने बताया कि वृद्धाश्रम में 15 दिनों का राशन उपलब्ध है। निरीक्षण के दौरान संचालित पंजिकाओं का भी अवलोकन किया गया।

निरीक्षण रिपोर्ट में विशेष रूप से उल्लेख किया गया कि भवन में अन्य कमरे उपलब्ध होने के बावजूद अधिक संख्या में वृद्धजनों को सीमित कमरों में रखा जा रहा है, जिससे उन्हें असुविधा हो रही है। सचिव ने उपलब्ध कमरों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अधिवक्ता जवाहर सिंह एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष शीश मल्होत्रा ने भी वृद्धाश्रम में उपस्थित लोगों को माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के संबंध में जागरूक किया।

निरीक्षण के उपरांत सचिव ने अपनी विस्तृत आख्या जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी फर्रुखाबाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी तथा वृद्धाश्रम अधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई एवं निर्देशों के अनुपालन के लिए प्रेषित कर दी है।