Tuesday, 15 September 2026 | 2:21 AM
भारत

यूपी में SIR पर सियासत, डिप्टी CM केशव मौर्य का अखिलेश पर पलटवार

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य SIR में भाजपा समर्थकों के नाम वोटर लिस्ट में अधिक कटने के सवाल पर कहा कि इसका कारण तो चुनाव आयोग ही बता सकता है. भाजपा यह सुनिश्चित करेगी कि हर पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल हो. उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के आरोपों पर तीखा पलटवार किया. उन्हों
Share:
यूपी में SIR पर सियासत, डिप्टी CM केशव मौर्य का अखिलेश पर पलटवार
Read in your preferred language.

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य SIR में भाजपा समर्थकों के नाम वोटर लिस्ट में अधिक कटने के सवाल पर कहा कि इसका कारण तो चुनाव आयोग ही बता सकता है. भाजपा यह सुनिश्चित करेगी कि हर पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल हो. उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के आरोपों पर तीखा पलटवार किया. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की सोच अभी भी उस दौर में अटकी है जब वे खुद सत्ता में थे और संस्थाओं का दुरुपयोग करते थे.

उपमुख्यमंत्री शनिवार को आजमगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बड़सरा खालसा गांव स्थित आवास पर उनके पिता के निधन पर शोक व्यक्त करने और अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी और पार्टी की ओर से गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं.

निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची (SIR) से नाम हटाए जाने के अखिलेश यादव के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव ने सत्ता में रहते हुए शायद ऐसा किया होगा, इसलिए उनकी सोच आज भी वैसी ही है. लेकिन भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक बेहद मजबूत है. उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में सुधार एक संवैधानिक प्रक्रिया है. नाम कटने के कई वैध कारण होते हैं, जैसे मतदाता का निधन हो जाना. स्थान परिवर्तन हो जाना, किसी अवैध घुसपैठिए का नाम हटाया जाना.

डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव के बयानों को ‘नौटंकी’ करार देते हुए कहा कि आरोपों की राजनीति करने के बजाय उन्हें चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करना चाहिए. उन्होंने सुझाव दिया कि जिनके नाम कटे हैं, वे फॉर्म-6 भरें. गलत नाम कटवाने वालों के लिए फॉर्म-7 है. किसी भी प्रकार की त्रुटि सुधार के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है. मौर्य ने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की शक्ति के बल पर चुनाव लड़ती है, न कि संस्थाओं के सहारे.

संसद में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा करते हुए मौर्य ने कहा कि देश की 'आधी आबादी' को न्याय बहुत पहले मिल जाना चाहिए था. उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा, "कांग्रेस ने 70 सालों तक शासन किया लेकिन महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया. अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह ऐतिहासिक कदम उठाया गया है." उन्होंने उम्मीद जताई कि 2034 के लोकसभा चुनावों से महिलाओं को उनका पूर्ण अधिकार मिलने लगेगा.

डिप्टी सीएम ने केंद्र सरकार की 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' और 'लखपति दीदी' जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आज गांव की गरीब महिलाएं भी आत्मविश्वास से भरी हुई हैं. उन्होंने दावा किया कि हर क्षेत्र में महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम मोदी सरकार ने पूरी ईमानदारी से किया है.