फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) 30 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा जनपद फर्रुखाबाद में आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने शुक्रवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने गुरुकुल वर्ल्ड स्कूल तथा क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, फर्रुखाबाद पहुंचकर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की उपस्थिति, प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों तथा परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली गई। निरीक्षण के दौरान गुरुकुल वर्ल्ड स्कूल में 384 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 262 अभ्यर्थी उपस्थित तथा 122 अनुपस्थित पाए गए। वहीं क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में 384 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 264 अभ्यर्थी उपस्थित और 120 अभ्यर्थी अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा का संचालन उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मानकों के अनुरूप कराया जाए। परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सावधानियां बरतने तथा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था सुव्यवस्थित रखी जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों के प्रयोग एवं नकल की किसी भी संभावना को रोकने के लिए सतर्क निगरानी रखी जाए। केंद्र व्यवस्थापक एवं ड्यूटी पर तैनात सभी कार्मिक अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और सजगता के साथ निर्वहन करें। पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित रहे और परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखी जाए। साथ ही अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि PET-2026 परीक्षा को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित परीक्षा केंद्रों के सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, ड्यूटी पर तैनात अधिकारी एवं अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।
