पटना से द दस्तक 24 प्रतिनिधि द्वारा
पटना,6 अक्टूबर।
जिला के पिपरा थाना क्षेत्र के बेहरावां गांव में उस समय अफरा तफरी मच गई जब पुलिस अचानक छापेमारी करने पहुंच गई ।लोग पुलिस से बचने के लिए बहुतेरे लोग पुनपुन नदी में कूद गए। यह घटना सोमवार की है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पुलिस ने इस तरह धावा बोला, मानो कोई बड़ी नक्सली या आतंकवादी वारदात हो गई हो। अचानक चारों तरफ पुलिस बल देखकर लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही भगदड़ मच गई और लोग नदी की ओर भागने लगे।
ग्रामीणों के अनुसार, भागने के दौरान पुलिस पर ईंट-पत्थर भी चलाए गए। इसके बाद पुलिस की ओर से भी नदी में ईंट-पत्थर फेंके जाने का आरोप है। नदी में कूदे लोग तैरकर दूसरे किनारे निकलने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान लगातार ईंट-पत्थर गिरने से उन्हें नदी से बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। हालांकि जो लोग तैरने में सक्षम थे, वे किसी तरह दूसरे किनारे पहुंचकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।