Friday, 30 October 2026 | 6:41 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को मिला प्रशासनिक नेतृत्व का अवसर, एक दिन के लिए बनीं CDO और परियोजना निदेशक

फर्रुखाबाद मिशन शक्ति अभियान के छठवें चरण के तहत छात्राओं को प्रशासनिक नेतृत्व का अनुभव कराया गया। कक्षा 6 की अंशिका शर्मा ने एक दिन के लिए मुख्य विकास अधिकारी और कक्षा 8 की दर्शना ने परियोजना निदेशक की भूमिका निभाई।
Share:
फर्रुखाबाद:मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को मिला प्रशासनिक नेतृत्व का अवसर, एक दिन के लिए बनीं CDO और परियोजना निदेशक
443922


फर्रुखाबाद (द दस्तक 24) मिशन शक्ति विशेष अभियान के छठवें चरण के अंतर्गत बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ विकसित करने के उद्देश्य से जनपद फर्रुखाबाद में छात्राओं को एक दिन के लिए प्रमुख प्रशासनिक पदों पर आसीन कराकर एक्सपोजर विजिट कराई जा रही है।

इसी क्रम में पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय कक्यौली, विकास खंड नवाबगंज की कक्षा 6 की छात्रा अंशिका शर्मा को एक दिन का मुख्य विकास अधिकारी, फर्रुखाबाद बनाया गया। मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड़ ने छात्रा का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें विकास संबंधी योजनाओं, प्रशासनिक दायित्वों तथा जनपद में संचालित विकास कार्यों की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।

इस अवसर पर छात्रा को प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से समझने तथा भविष्य में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

इसी क्रम में उच्च प्राथमिक विद्यालय अताईपुर जदीद, विकास खंड कायमगंज की कक्षा 8 की छात्रा दर्शना को एक दिन का परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास अभिकरण बनाया गया। परियोजना निदेशक श्री कपिल कुमार ने छात्रा को कार्यालय से संबंधित प्रशासनिक कार्यों, विभागीय योजनाओं एवं दायित्वों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

छात्रा के लिए यह अनुभव विशेष रूप से प्रेरणादायी रहा। कार्यक्रम के उपरांत परियोजना निदेशक द्वारा अपने सरकारी वाहन से छात्रा को उसके घर तक सुरक्षित पहुंचवाया गया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय श्री राजीव श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित यह पहल बालिकाओं को शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ उनमें निर्णय क्षमता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रकार के अवसर बालिकाओं को अपने सपनों को पहचानने, लक्ष्य निर्धारित करने तथा भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

जिला प्रशासन एवं बेसिक शिक्षा विभाग, फर्रुखाबाद का संदेश है कि प्रत्येक बालिका को उचित अवसर और प्रोत्साहन मिले, ताकि वह अपनी प्रतिभा के बल पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सके।

मिशन शक्ति—नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन।

442362