Friday, 30 October 2026 | 7:31 PM
भारत

मतदाता सूची को लेकर बलिया में एसडीएम के साथराजनीतिक दलों की बैठक

Share:
मतदाता सूची को लेकर बलिया में एसडीएम के साथराजनीतिक दलों की बैठक
मतदाता पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक: नए वोटरों को जोड़ने की उठी मांग
बेगूसराय से डॉ राम उदय शर्मा 
बलिया (बेगूसराय)में निर्वाचन पदाधिकारी की अध्यक्षता में  बैठक हुई जिसमें मतदाता सूची में पारदर्शिता और बीएलओ की जवाबदेही का मुद्दा उठाया गया।
 मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य शुरू करने से पहले गुरुवार को बलिया में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अजय कुमार यादव, अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी बलिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वैध मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने तथा पुनरीक्षण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए निर्वाचक पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस संबंध में निर्वाचन आयोग से निर्देश प्राप्त हुए हैं।
बैठक में भाकपा के सचिव एवं पूर्व प्रखंड प्रमुख मनोज कुमार ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए एक वर्ष में चार अर्हता तिथियां निर्धारित हैं। इसके बावजूद नए मतदाताओं का नाम जोड़ने की प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता और प्रभावी व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के आयोजन और नए मतदाताओं के पंजीकरण से जुड़े मुद्दे भी उठाए।
मनोज कुमार ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं का नाम जोड़ने की व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की।
बैठक में फॉर्म-6 जमा करने वाले आवेदकों को प्राप्ति रसीद देने, बीएलओ के कार्यों में अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई करने तथा पुनरीक्षण कार्य की प्रगति से राजनीतिक दलों को समय-समय पर अवगत कराने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही विभिन्न बूथों पर बाहर रहने वाले मतदाताओं की संख्या और संबंधित बूथों का आंकड़ा उपलब्ध कराने की बात कही गई, ताकि मतदाता सूची की समीक्षा में सहूलियत हो।
मनोज कुमार ने यह भी मांग की कि मतदाता सूची का अद्यतन संस्करण उपलब्ध कराया जाए, जिससे वर्तमान सूची में दर्ज मतदाताओं और छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिससे कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
*बैठक में कई दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद*
बैठक में राजद के शिव शंकर सिंह, माकपा के जयप्रकाश यादव, रामविलास यादव, भाजपा के मुन्ना कुमार, भाकपा माले के इंद्रदेव राम, कांग्रेस की रेणु देवी, जदयू के शंभू शरण कर्मशील सहित प्रखंड विकास पदाधिकारी बलिया और अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे।