फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 30 सितंबर 2026 अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश तथा परिवहन आयुक्त के निर्देश और पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक, फतेहगढ़ के निर्देशन में जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के लिए “मीट एंड ग्रीट अभियान” चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत 27 सितंबर 2026 से अब तक एआरटीओ और यातायात पुलिस की संयुक्त टीमों ने बसों की सघन जांच की। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 40 बसों के चालान किए गए तथा उन्हें सीज करने की कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, नंबर प्लेट सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
इसके साथ ही बसों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने प्रेशर हॉर्न, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास, अग्नि सुरक्षा उपकरण और एडीएएस जैसी सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की।
चालकों और परिचालकों का ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से परीक्षण भी किया गया, ताकि नशे की हालत में वाहन चलाने की संभावना की जांच की जा सके।
अभियान के दौरान यात्रियों को भी यातायात नियमों और सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक किया गया। चालकों एवं परिचालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए जांच, प्रवर्तन और जन-जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।