Monday, 14 September 2026 | 8:07 PM
India

लखनऊ:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की यूपीकॉस की समीक्षा, आउटसोर्स व्यवस्था को तकनीक आधारित और पारदर्शी बनाने के दिए निर्देश

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 जून 2026 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (यूपीकॉस) की कार्यप्रणाली एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए आउटसोर्स व्यवस्था में दक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए जिससे
Share:
लखनऊ:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की यूपीकॉस की समीक्षा, आउटसोर्स व्यवस्था को तकनीक आधारित और पारदर्शी बनाने के दिए निर्देश
Read in your preferred language.

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 जून 2026 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (यूपीकॉस) की कार्यप्रणाली एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए आउटसोर्स व्यवस्था में दक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए जिससे कर्मचारियों के हितों का संरक्षण हो और विभागों को आवश्यकतानुसार सुव्यवस्थित मानव संसाधन उपलब्ध हो सके।

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने आउटसोर्स कर्मियों से संबंधित एकीकृत ऑनलाइन पोर्टल के विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से नियुक्ति, सत्यापन, अनुश्रवण तथा अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं का केंद्रीकृत संचालन किया जाए, जिससे पूरी व्यवस्था अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बन सके।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आउटसोर्स व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए जवाबदेह और कर्मचारी हितैषी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रणाली के माध्यम से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

बैठक में मुख्यमंत्री ने आउटसोर्स एजेंसियों के चयन एवं संचालन से संबंधित सभी मानकों और प्रक्रियाओं को स्पष्ट एवं मानकीकृत बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि इस संबंध में तैयार की जा रही नई व्यवस्था को जल्द अंतिम रूप दिया जाए, ताकि सभी विभागों को एक समान, पारदर्शी और सुव्यवस्थित प्रणाली उपलब्ध हो सके।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की रक्षा करते हुए विभागों में मानव संसाधन प्रबंधन को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाना है। इसके लिए तकनीक आधारित व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।