Friday, 30 October 2026 | 5:44 PM
उत्तर प्रदेश

कासगंज :- प्राथमिक बालक वर्ग की दौड़ में सेमरा मोर्चा के अभिषेक ने मारी बाजी

Share:
कासगंज :- प्राथमिक बालक वर्ग की दौड़ में सेमरा मोर्चा के अभिषेक ने मारी बाजी

न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विजेताओं को मेडल पहनाकर किया सम्मानित

अमांपुर (कासगंज)। न्याय पंचायत अर्जुनपुर नौआबाद की खेलकूद प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने खेल प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। प्राथमिक बालक वर्ग की 100 और 200 मीटर दौड़ में सेमरा मोर्चा के अभिषेक ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।

विकासखंड अमांपुर के अर्जुनपुर नौआबाद में सोमवार को आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

प्राथमिक बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में शाहपुर के निशांत प्रथम रहे। प्राथमिक बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में शाहपुर की जान्हवी, 100 मीटर में करिश्मा और 200 मीटर में निशु ने बाजी मारी। प्राथमिक बालक कबड्डी में अमृतपुर और बालिका कबड्डी में शाहपुर की टीम विजेता रही।

जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में नगला महर्जी के डोरी लाल प्रथम रहे, जबकि 200 और 400 मीटर दौड़ में शनि ने पहला स्थान हासिल किया। जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अंजू तथा 200 और 400 मीटर में प्रार्थना प्रथम रहीं।

लंबी कूद के प्राथमिक बालक वर्ग में अमृतपुर के पंकज, बालिका वर्ग में शाहपुर की निशु ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालक वर्ग में अर्जुनपुर नौआबाद के संजीव और बालिका वर्ग में नगला महर्जी की चंद्रकांता विजेता रहीं। जूनियर वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिताओं में नगला महर्जी और अर्जुनपुर नौआबाद की टीमों ने जीत दर्ज की।

इस अवसर पर ब्लॉक पीटीआई मुनेश राजपूत, विनोद कुमार, नोडल धीरेंद्र सोलंकी, आनंद प्रकाश मिश्रा, रिंकी सिंह, रवि कुमार, गोविंद शाक्य, बृजबाला, राजेश कुमार, ठाकुरदास, जसवीर सिंह, नरेंद्र कुमार, विनय कुमार, रवि परिहार, विभव प्रताप सिंह, सुनील कुमार, अमित कुमार, अरविंद कुमार, अनुज कुमार, देवेश मित्तल और दीपेंद्र सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।