28 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लिए आगरा खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जनपद में आदर्श आचार संहिता लागू है। निर्वाचन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा हेतु आज जिलाधिकारी कासगंज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचन से संबंधित विभिन्न दायित्वों के लिए नामित प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों एवं निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन संबंधी तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करें। उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, कार्मिकों की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था, मतदाता सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निर्वाचन कार्यक्रम:
1. निर्वाचन की अधिसूचना — 29 सितंबर 2026 (मंगलवार)
2. नाम निर्देशन हेतु अंतिम तिथि — 06 अक्टूबर 2026 (मंगलवार)
3. नाम निर्देशनों की संवीक्षा — 07 अक्टूबर 2026 (बुधवार)
4. नाम वापसी हेतु अंतिम तिथि — 09 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार)
5. मतदान की तिथि — 23 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार)
6. मतदान का समय — प्रातः 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक
7. मतगणना की तिथि — 27 अक्टूबर 2026 (मंगलवार)
8. निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण कराने की अंतिम तिथि — 31 अक्टूबर 2026 (शनिवार)
कासगंज, द दस्तक 24 राजेंद्र सिंह