Thursday, 19 November 2026 | 11:37 AM
भारत

जहानाबाद: बराबर महोत्सव की तैयारी हेतु समीक्षा बैठक संपन्न

Share:
जहानाबाद: बराबर महोत्सव की तैयारी हेतु समीक्षा बैठक संपन्न
जहानाबाद, 18 नवंबर।  जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में आज बराबर महोत्सव–2026 के भव्य एवं सफल आयोजन तथा बराबर पहाड़ी को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित एवं प्रचारित करने के उद्देश्य से जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, टूर एंड ट्रैवल एजेंसियों, टूरिस्ट गाइड एवं होटल प्रबंधकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने बताया कि बराबर महोत्सव–2026 का आयोजन दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में किया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने महोत्सव के आयोजन से पूर्व सोशल मीडिया एवं अन्य प्रचार-प्रसार माध्यमों के जरिए व्यापक उत्साह एवं आकर्षण का माहौल तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक लोगों एवं पर्यटकों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में बोधगया, राजगीर, वैशाली सहित बिहार के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटकों का आगमन होता है। इसके मद्देनजर टूर एंड ट्रैवल एजेंसियों एवं टूरिस्ट गाइड को अपने टूर पैकेज में बराबर को शामिल करने तथा होटल प्रबंधकों को पर्यटन स्थलों की सूची में बराबर का उल्लेख करने का निर्देश दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने बराबर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहरों के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु 01 मिनट 30 सेकंड की रील एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्देश दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों, पर्यटन एजेंसियों, टूरिस्ट गाइड एवं होटल प्रबंधकों से बराबर महोत्सव–2026 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक पर्यटकों को बराबर भ्रमण हेतु प्रोत्साहित करने की अपील की।
उक्त बैठक में संबंधित जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, टूर एंड ट्रैवल एजेंसियों के प्रतिनिधि, टूरिस्ट गाइड एवं होटल प्रबंधक उपस्थित थे।