Monday, 14 September 2026 | 10:51 PM
India

फर्रुखाबाद में DU की छात्रा ने फौजी पिता की लाइसेंसी राइफल से खुद को मारी गोली, घर में अकेली थी; पुलिस जांच में जुटी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 जुलाई 2026 दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही 20 वर्षीय छात्रा ने फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में कथित तौर पर फौजी पिता की लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना उस समय हुई जब युवती घर पर अकेली थी और परिवार के अन्य स
Share:
फर्रुखाबाद में DU की छात्रा ने फौजी पिता की लाइसेंसी राइफल से खुद को मारी गोली, घर में अकेली थी; पुलिस जांच में जुटी
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 जुलाई 2026 दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही 20 वर्षीय छात्रा ने फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में कथित तौर पर फौजी पिता की लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना उस समय हुई जब युवती घर पर अकेली थी और परिवार के अन्य सदस्य दुकान पर गए हुए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, धन्सुआ गांव निवासी अंजलि (20) दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई कर रही थी। वह करीब पांच दिन पहले ही दिल्ली से अपने घर आई थी। उसके पिता राजेश कुमार पाल भारतीय सेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में पंजाब के भटिंडा में तैनात हैं। घर पर उसकी मां और भाई ललित रहते हैं।

बताया गया कि अंजलि का भाई फतेहगढ़ की मछली मंडी के पास जनरल स्टोर चलाता है। शुक्रवार सुबह वह दुकान पर चला गया, जबकि दोपहर में उसकी मां भी दुकान पर पहुंच गईं। इस दौरान अंजलि घर में अकेली थी।

शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे जब मां और भाई घर लौटे तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। मोबाइल फोन पर भी अंजलि ने कॉल रिसीव नहीं किया। घर का मुख्य गेट अंदर से बंद था।

इसके बाद परिजन पड़ोसी के मकान के रास्ते छत पर पहुंचे और अंदर जाकर देखा तो अंजलि बेड पर मृत अवस्था में पड़ी थी। उसके पास ही पिता की लाइसेंसी राइफल रखी हुई थी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और क्षेत्राधिकारी (सिटी) अभय वर्मा मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। शनिवार दोपहर सेना से पिता के घर पहुंचने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका के पिता राजेश कुमार पाल ने बताया कि उनकी बेटी दिल्ली विश्वविद्यालय में ग्रेजुएशन कर रही थी और घटना के समय घर पर अकेली थी। उन्होंने बताया कि जिस राइफल से गोली चली, वह उनकी लाइसेंसी राइफल है।

सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवती द्वारा स्वयं को गोली मारने की बात सामने आई है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

नोट: यदि आपके आसपास कोई व्यक्ति मानसिक तनाव, अवसाद या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा हो, तो उसकी बात गंभीरता से सुनें, उसे अकेला न छोड़ें और परिवार, विश्वसनीय लोगों या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तत्काल सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित करें।