गया जिला के शेरघाटी स्थित : शहीद भगत सिंह यूथ ब्रिगेड के शेरघाटी अध्यक्ष सूरज सिंह ने गुरुवार को एक जरूरतमंद वृद्ध महिला को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराकर मानवता की मिसाल पेश की। महिला को इलाज के दौरान रक्त की जरूरत थी, लेकिन परिवार में कोई रक्तदान करने वाला नहीं था। इसकी जानकारी व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से मिलने पर सूरज सिंह ने अपने रक्तदाता कार्ड से रक्त की व्यवस्था कराई। साथ ही अपने निजी खर्च पर मगध मेडिकल, गया पहुंचकर इलाज में सहयोग किया।
उन्होंने कहा कि संगठन का संकल्प है कि रक्त की कमी से किसी मरीज की जान नहीं जाने दी जाएगी। संगठन के लगभग तीन हजार रक्तदाता जरूरतमंदों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं। संस्थापक सह राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनू कुमार वर्मा के नेतृत्व में अभियान का विस्तार बिहार के सभी 38 जिलों में किया जा रहा है। संगठन का ध्येय है- 'हर घर रक्तदाता, घर-घर रक्तदाता'।