Saturday, 21 November 2026 | 2:17 AM
भारत

गया: औरंगाबाद के सांसद अभय कुशवाहा का प्रयास लाया रंग, दोनों रेल परियोजना को मिली मंजूरी

Share:
गया: औरंगाबाद के सांसद अभय कुशवाहा का प्रयास लाया रंग, दोनों रेल परियोजना को मिली मंजूरी
–औरंगाबाद-अनुग्रह नारायण रोड और बिहटा-औरंगाबाद नई रेल लाइन पर केंद्र का जवाब मिल गया है। भूमि अधिग्रहण का काम शुरू कर दिया गया है। औरंगाबाद के सांसद अभय कुशवाहा इन दोनों परियोजनाओं पर विशेष रुचि लेते हुए प्रयासरत रहे।इस कारण उक्त परियोजना पर काम प्रारंभ कर दिया गया है।

स्मरणीय है कि लोकसभा में नियम-377 के तहत औरंगाबाद के सांसद अभय कुमार सिन्हा द्वारा सवाल उठाया गया था। उठाए गए  सवाल पर औरंगाबाद टर्मिनल-अनुग्रह नारायण रोड और बिहटा-औरंगाबाद नई रेल लाइन परियोजनाओं में तेजी लाने के मुद्दे पर रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमण्णा ने लिखित जवाब दिया है।

केंद्रीय मंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि दोनों परियोजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है और भूमि अधिग्रहण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

इस परियोजना को जून 2024 में स्वीकृत किया गया था। सितंबर 2024 में इसे विशेष रेल परियोजना (Special Railway Project) घोषित किया गया तथा भूमि अधिग्रहण हेतु सक्षम प्राधिकारी (CALA) की नियुक्ति की जा चुकी है। भूमि अधिग्रहण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

–बिहटा-अनुग्रह नारायण रोड (117 किमी) नई लाइन:
इस परियोजना को सितंबर 2025 में स्वीकृत किया गया था। दिसंबर 2025 में इसे विशेष रेल परियोजना घोषित किया गया तथा भूमि अधिग्रहण हेतु सक्षम प्राधिकारी की नियुक्ति की जा चुकी है। भूमि अधिग्रहण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

मंत्री ने पत्र में यह भी स्पष्ट किया है कि रेल परियोजनाओं का पूर्ण होना विभिन्न कारकों पर निर्भर करता है, जैसे राज्य सरकार द्वारा भूमि अधिग्रहण, वन स्वीकृति, अवरोध उत्पन्न करने वाली उपयोगिताओं का स्थानांतरण, विभिन्न प्राधिकरणों से आवश्यक वैधानिक स्वीकृतियां, परियोजना क्षेत्र की भूवैज्ञानिक एवं स्थलाकृतिक परिस्थितियां, परियोजना स्थल पर कानून एवं व्यवस्था की स्थिति तथा किसी विशेष परियोजना स्थल पर वर्ष में कार्य करने योग्य महीनों की संख्या आदि।

इन परियोजनाओं की प्रगति एवं पूर्णता उपर्युक्त मुद्दों तथा परियोजना-विशिष्ट अन्य कारकों के समयबद्ध समाधान पर निर्भर है।