– सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम
द दस्तक 24 , शेरघाटी (गया) : शारदीय नवरात्र को लेकर शेरघाटी में दुर्गा पूजा की रौनक देखते ही बन रही है। शहर के विभिन्न मोहल्लों में भव्य पूजा पंडाल सजाए गए हैं। कहीं तिरुपति के प्रेम मंदिर की तर्ज पर आकर्षक पंडाल तैयार किया गया है, तो कहीं बौद्ध मंदिर की वास्तुकला श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। हटिया मोहल्ले में ग्रामीण जीवन पर आधारित झांकी और भूत बंगला भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे। शनिवार को नवरात्र के सातवें दिन विभिन्न पूजा पंडालों में मां दुर्गा का पट खुलते ही दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया।
लीपगंज चट्टी में आठ लाख का भव्य पंडाल
लीपगंज चट्टी में तिरुपति के प्रेम मंदिर की तर्ज पर भव्य पंडाल बनाया गया है। पंडाल, प्रतिमा और सजावट पर करीब आठ लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। वहीं, गोला बाजार दुर्गा स्थान में दक्षिण भारतीय मंदिरों की वास्तुकला से प्रेरित पंडाल तैयार किया गया है। पूजा समिति के अध्यक्ष संजय प्रसाद वर्मा के अनुसार, आयोजन पर सात से आठ लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल और तीन से चार दिनों तक महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है।
हटिया में ग्रामीण जीवन की दिखेगी झलक
हटिया मोहल्ला स्थित दरबार हाउस पूजा समिति ने बौद्ध मंदिर की वास्तुकला पर आधारित पंडाल तैयार कराया है। इसके निर्माण पर करीब साढ़े तीन लाख रुपये खर्च हो रहे हैं, जबकि प्रतिमा, झांकियों और अन्य व्यवस्थाओं सहित कुल बजट दस लाख रुपये से अधिक है। समिति के सचिव गुड्डू कुमार पांडेय ने बताया कि ग्रामीण परिवेश पर आधारित झांकी में किसान, खेत और तालाब के दृश्य दिखाए जाएंगे। बच्चों और युवाओं के लिए भूत बंगला भी बनाया गया है।
स्थानीय कारीगरों ने प्रतिमा को दिया आकर्षक रूप
शहर के एक अन्य पूजा पंडाल में भी तिरुपति मंदिर की तर्ज पर सजावट की गई है। यहां प्रतिमा निर्माण में स्थानीय मूर्तिकारों के साथ बाहर से आए कुशल कारीगर सहयोग कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला और पुरुषों के अलग-अलग प्रवेश मार्ग बनाए गए हैं।
सुरक्षा और सुविधा पर विशेष जोर
नई बाजार स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में भी मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचने लगे हैं। वहीं, गोला बाजार दुर्गा स्थान में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और आग से बचाव के लिए दो अग्निशमन सिलेंडर रखे गए हैं। अन्य पंडालों में भी बैरिकेडिंग, पानी, बालू और अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था की गई है। पूजा समितियों के सदस्य भीड़ को नियंत्रित करने और दर्शन व्यवस्था सुचारू रखने में जुटे हैं। भव्य सजावट, धार्मिक झांकियों और सुरक्षा इंतजामों के बीच शेरघाटी में दुर्गा पूजा का उत्साह चरम पर पहुंचने लगा है।