फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) 17 अक्टूबर 2026 आवास विकास कॉलोनी स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को विधान परिषद शिक्षक चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने की।
बैठक में आगरा खंड शिक्षक क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी, जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र राजपूत, भोजपुर विधानसभा प्रभारी विनय वर्मा एवं सदर विधानसभा प्रभारी रामवीर सिंह कठेरिया ने विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव प्रभारियों और बूथ संयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि शिक्षक विधान परिषद चुनाव में जीत का सबसे बड़ा मंत्र संपर्क और संवाद है। कार्यकर्ताओं को प्रत्येक मतदाता तक पहुंचकर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करना होगा। उन्होंने बूथ संयोजकों से अधिक से अधिक मतदाताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शत-प्रतिशत मतदान के लिए पूरी सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में रविवार से मतदाता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों में शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पदाधिकारी और कार्यकर्ता व्यक्तिगत संपर्क करेंगे।
जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र राजपूत ने कहा कि भाजपा शिक्षक विधान परिषद चुनाव में जीत के लिए पूरी मजबूती से मैदान में है। प्रत्येक पन्ना प्रमुख को अपने जिम्मे दिए गए 20 मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क और संवाद स्थापित करना होगा तथा उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों और प्रबंधकों से व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें मतदान के प्रति जागरूक करना संगठन की प्राथमिकता है। शिक्षक विधान परिषद चुनाव आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एक सेमीफाइनल है, इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पूरी मेहनत और समर्पण के साथ चुनाव में जुटना होगा।
सदर विधायक मेजर सुनील द्रुवेदी ने भी भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव अभियान में जुटने का आह्वान किया।
बैठक में पूर्व विधायक अमर सिंह खटिक, पूर्व जिला महामंत्री संदीप शाक्य, कायमगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अरुण दूबे, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत, सौरभ शुक्ला, जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, विजेंद्र कलानी, आदिल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।