कासगंज, 17 अक्टूबर 2026। मंडलायुक्त ओ.पी. आर्य ने संयुक्त जिला चिकित्सालय कासगंज का स्थलीय निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता एवं मरीजों को प्रदान की जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिकित्सालय में मरीजों की आवश्यकता के अनुरूप सभी जरूरी दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें, ताकि उपचार के दौरान किसी भी मरीज को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने एक्सपायर हो चुकी दवाओं को नियमानुसार समय से अलग कर उनका सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मंडलायुक्त ने चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित अधिकारी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित रखें।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने पोषण पुनर्वास केंद्र का भी निरीक्षण किया तथा वहां भर्ती बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली।
मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाने के लिए विशेष ध्यान दिया जाए। केंद्र में भर्ती बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पोषण एवं उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा उनकी स्वास्थ्य स्थिति की नियमित निगरानी करते हुए फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए।
मंडलायुक्त ने कहा कि सैम (गंभीर तीव्र कुपोषित) एवं मैम (मध्यम तीव्र कुपोषित) बच्चों का समय से चिन्हांकन अत्यंत आवश्यक है। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से ऐसे बच्चों की पहचान कर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार के लिए अपेक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करें। बच्चों के स्वास्थ्य की स्थिति में सुधार लाने हेतु नियमित निगरानी एवं आवश्यक परामर्श की व्यवस्था भी प्रभावी ढंग से संचालित की जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए तथा व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। मण्डलायुक्त ने दवा वितरण कक्ष, पर्ची काउंटर, दवा स्टॉक, ब्लड बैंक, पैथोलॉजी, एसएनसीयू आदि का निरीक्षण कर बेहतर सुधार हेतु दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर संयुक्त विकास आयुक्त मंसाराम यादव, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी आलोक गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्साधिकारी आदि उपस्थित रहे।