पेंशन लाभार्थियों के सत्यापन और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने पर दिया जोर
कासगंज। मंडलायुक्त ओपी आर्य ने शनिवार को तहसील सदर कासगंज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसामान्य की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 50 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। मंडलायुक्त ने शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि पीड़ितों को वास्तविक राहत पहुंचाना है। इसलिए अधिकारी शिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप प्रथम बार में ही प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करें। किसी भी शिकायत को केवल औपचारिकता निभाते हुए न निपटाया जाए, बल्कि उसके मूल कारणों का समाधान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तहसील दिवस रजिस्टर का किया निरीक्षण
मंडलायुक्त ने तहसील दिवस रजिस्टर का निरीक्षण कर विगत 3 अक्टूबर को प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से लंबित प्रकरणों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। निस्तारण में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता बनाए रखते हुए शिकायतकर्ता को संतुष्ट करना सुनिश्चित किया जाए।
पेंशन लाभार्थियों के सत्यापन में न हो देरी
पेंशन लाभार्थियों के सत्यापन कार्य की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने सभी पात्र लाभार्थियों का सत्यापन निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को पेंशन का लाभ समय से मिलना चाहिए और सत्यापन के नाम पर उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
स्वच्छता और संचारी रोगों की रोकथाम पर जोर
मंडलायुक्त ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नालियों की नियमित सफाई कराई जाए, जलभराव की समस्या दूर की जाए तथा संचारी रोगों से बचाव के लिए आवश्यक निरोधात्मक उपाय अपनाए जाएं। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से अभियान चलाकर आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।
इस अवसर पर संयुक्त विकास आयुक्त मंसाराम यादव, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी संजीव कुमार, अपर जिलाधिकारी आलोक गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी कासगंज, परियोजना निदेशक, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।