Monday, 14 September 2026 | 10:43 PM
India

फर्रुखाबाद:ब्लॉक मोहम्मदाबाद में ग्राम प्रधानों व पंचायत सचिवों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 जनवरी 2026 सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में सोमवार 12 जनवरी 2026 को ब्लॉक मोहम्मदाबाद में ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सचिवों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर एआरटीओ-प्रवर्तन श्री सुभाष राजपूत एवं खंड विका
Share:
फर्रुखाबाद:ब्लॉक मोहम्मदाबाद में ग्राम प्रधानों व पंचायत सचिवों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक।
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 जनवरी 2026 सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में सोमवार 12 जनवरी 2026 को ब्लॉक मोहम्मदाबाद में ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सचिवों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर एआरटीओ-प्रवर्तन श्री सुभाष राजपूत एवं खंड विकास अधिकारी श्री त्रिलोक चन्द्र शर्मा द्वारा बैठक आयोजित की गई, जिसमें 71 ग्राम प्रधानों व पंचायत सचिवों ने सहभागिता की।

बैठक में शासन के निर्देशानुसार 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक चल रहे सड़क सुरक्षा माह के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। परिवहन आयुक्त महोदया के निर्देशानुसार पंचायती राज विभाग के माध्यम से ब्लॉक स्तर पर ग्राम प्रधानों की बैठक आयोजित की गई। ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने ग्रामों में ग्राम सड़क सुरक्षा समिति का गठन कर एक सड़क सुरक्षा अग्रदूत नामित करें। इसके उपरांत सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली भी निकाली गई।

सड़क दुर्घटनाओं में चिंताजनक वृद्धि

एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने बताया कि यातायात पुलिस से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जनपद फर्रूखाबाद में दिसम्बर 2025 तक 490 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें 284 लोगों की मृत्यु हुई। जबकि वर्ष 2024 में इसी अवधि तक 390 दुर्घटनाओं में 213 मौतें हुई थीं। इस प्रकार वर्ष 2025 में दुर्घटनाओं में 25.64 प्रतिशत तथा मृतकों की संख्या में 33.33 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में पुलिस विभाग द्वारा 46,958 चालान किए गए तथा 212 वाहन बंद किए गए, जिससे 20.53 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क वसूला गया। वहीं परिवहन विभाग द्वारा 4,455 चालान कर 1,066 वाहन बंद किए गए, जिससे 237.72 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क वसूला गया। इसके अतिरिक्त सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी के निर्देशों के तहत 281 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए।

“नो हेल्मेट, नो पेट्रोल” अभियान जारी

जनपद में 19 दिसम्बर 2025 से 17 जनवरी 2026 तक “नो हेल्मेट, नो पेट्रोल” अभियान चलाया जा रहा है। ग्राम प्रधानों से अपील की गई कि वे अपने ग्रामों में सड़क सुरक्षा को लेकर बैठकें आयोजित करें और ग्रामीणों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें।

बैठक में ओवरलोडिंग न करने, वाहन के प्रपत्र पूर्ण रखने, नशे की स्थिति में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, नियंत्रित गति से वाहन चलाने तथा यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया गया।

ट्रैक्टर-ट्रालियों में रिफ्लेक्टर लगाने की अपील

सभी ग्राम प्रधानों से अनुरोध किया गया कि वे अपने-अपने ग्रामों में ट्रैक्टर-ट्रालियों पर रिफ्लेक्टिव टेप/रिफ्लेक्टर अवश्य लगवाएं, जिससे रात्रि में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

राह-वीर योजना व हिट एंड रन मुआवजा योजना की जानकारी

एआरटीओ द्वारा राह-वीर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह योजना 21 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक प्रभावी है। इसके अंतर्गत घातक दुर्घटना में घायल व्यक्ति को एक घंटे (गोल्डन ऑवर) के भीतर अस्पताल पहुंचाने पर घायल के जीवित रहने की स्थिति में 25,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाता है।

साथ ही हिट एंड रन मोटर दुर्घटना पीड़ित मुआवजा योजना-2022 के अंतर्गत अज्ञात वाहन से हुई दुर्घटना में मृत्यु पर 2 लाख रुपये तथा गंभीर घायल होने पर 50 हजार रुपये की सहायता का प्रावधान है। वर्ष 2025 में दिसम्बर तक हिट एंड रन की 109 घटनाएं हुईं, जिनमें 89 मौतें व 81 लोग घायल हुए।

सड़क सुरक्षा शपथ के साथ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सचिवों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई और जनपद फर्रूखाबाद को दुर्घटना मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया गया।