Monday, 14 September 2026 | 8:07 PM
India

फर्रुखाबाद:अमेरिका-भारत कृषि समझौता मंजूर नहीं: अजय कटियार, किसानों ने किया धरना-प्रदर्शन

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 फरवरी 2026 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) संगठन द्वारा गुरुवार को विकास भवन तिराहे पर किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। किसानों ने “अमेरिका-भारत कृषि समझौता मंजूर नहीं”, “हमारा खेत
Share:
फर्रुखाबाद:अमेरिका-भारत कृषि समझौता मंजूर नहीं: अजय कटियार, किसानों ने किया धरना-प्रदर्शन
Read in your preferred language.

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 फरवरी 2026 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) संगठन द्वारा गुरुवार को विकास भवन तिराहे पर किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। किसानों ने “अमेरिका-भारत कृषि समझौता मंजूर नहीं”, “हमारा खेत हमारा अधिकार है” तथा “बाजार भाव का चार गुना मुआवजा चाहिए” जैसे नारे लगाए और जुलूस के रूप में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यालय परिसर में बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता छविनाथ शाक्य ने की। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने कहा कि लिंक एक्सप्रेसवे में जिन जमीनों का अधिग्रहण प्रस्तावित है, उनका लेआउट अभी तक पास नहीं हुआ है, इसलिए संबंधित जमीनों के बैनामे रोके जाएं तथा लेआउट किसानों के साथ बैठकर तैयार किया जाए।

जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि किसान अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आंदोलन कर रहे हैं और उन्हें अमेरिका-भारत कृषि समझौता किसी भी स्थिति में मंजूर नहीं है, क्योंकि इससे देश के किसानों को नुकसान होगा। उन्होंने मांग की कि लिंक एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीनों का सर्किल रेट बाजार मूल्य का चार गुना निर्धारित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जबरन अधिग्रहण या बैनामे किए गए तो अमृतपुर और सदर तहसील रजिस्ट्रार कार्यालय में ताला डालकर आंदोलन तेज किया जाएगा।

किसान नेताओं ने कायमगंज ब्लॉक के धीमर नगला से ढाई घाट तक बांध निर्माण की मांग भी उठाई। इसके अलावा राजेपुर ब्लॉक में शिक्षा व्यवस्था की खराब स्थिति तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा गरीबों को उचित उपचार न मिलने के आरोप लगाते हुए जांच की मांग की गई।

कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य ने किया। इस अवसर पर कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी, पूर्व मंडल सचिव अफरोज मंसूरी, जिला उपाध्यक्ष ब्रजेश गंगवार, जिला महासचिव अभय यादव, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।