Monday, 14 September 2026 | 5:38 PM
UP News

फर्रुखाबाद:बराकेशव का किसान अपना अधिकार लेकर रहेगा - अजय कटियार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 अगस्त 2026 ग्राम सभा बराकेशव में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) फर्रुखाबाद संगठन की ओर से चकबंदी प्रक्रिया और किसानों की समस्याओं को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। धरने में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। महिलाओं की भी प्
Share:
फर्रुखाबाद:बराकेशव का किसान अपना अधिकार लेकर रहेगा - अजय कटियार
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 अगस्त 2026 ग्राम सभा बराकेशव में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) फर्रुखाबाद संगठन की ओर से चकबंदी प्रक्रिया और किसानों की समस्याओं को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। धरने में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। महिलाओं की भी प्रमुख भागीदारी रही। किसान रातभर धरना स्थल पर डटे रहे और सुबह दैनिक कार्य निपटाने के बाद दोबारा धरना स्थल पर पहुंच गए।

धरना स्थल पर पहुंचे भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि जिला संगठन के पदाधिकारी लगातार धरना प्रदर्शन में अपना योगदान दे रहे हैं। उन्होंने ग्राम सभा की मातृशक्ति का आभार जताते हुए कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के कारण पूरे जनपद से किसान बराकेशव पहुंच रहे हैं।

अजय कटियार ने कहा कि यदि इसी तरह किसानों का आंदोलन जारी रहा तो आने वाले दिनों में कानपुर मंडल के सभी जिलों से किसान बराकेशव पहुंच सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कानपुर मंडल अध्यक्ष रवि प्रताप सिंह से वार्ता हो चुकी है। प्रदेश एवं राष्ट्रीय नेतृत्व को भी प्रतिदिन धरने की रिपोर्ट दी जा रही है और आगे की रणनीति तैयार कर उसे लागू किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, “हम बराकेशव के किसानों का अहित नहीं होने देंगे। यहां का किसान अपना हक और अधिकार लेकर ही रहेगा।” उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्ट्रेट का घेराव कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की आवाज को अनसुना करना जिला प्रशासन के लिए महंगा पड़ेगा।

चकबंदी आयुक्त के पत्र का दिया हवाला

जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने बताया कि उनके और लखनऊ जिला अध्यक्ष के प्रयासों से चकबंदी आयुक्त, लखनऊ की ओर से एक पत्र भेजा गया है। इसमें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि चकबंदी प्रक्रिया से पहले किसानों की समस्याओं को सुना जाए और उनका निस्तारण किया जाए।

उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर किसी किसान की समस्या का समाधान संभव नहीं है तो उसे संबंधित स्तर पर भेजकर निस्तारित किया जाए। किसानों के साथ समन्वय स्थापित करने के बाद ही चकबंदी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि पहले किसानों की समस्याओं का समाधान होना आवश्यक है, इसके बाद ही चकबंदी की प्रक्रिया आगे बढ़नी चाहिए।

महिला किसानों की रही प्रमुख भागीदारी

धरने के दूसरे दिन महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। किसान नेताओं ने कहा कि आंदोलन को लगातार ग्रामीणों और किसानों का समर्थन मिल रहा है। रात में भी किसान धरना स्थल पर मौजूद रहे और सुबह बड़ी संख्या में किसान दोबारा आंदोलन में शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता छविनाथ शाक्य ने की, जबकि संचालन जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार ने किया।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य, कानपुर मंडल पूर्व सचिव अफरोज मंसूरी, जिला उपाध्यक्ष ब्रजेश गंगवार, अशोक यादव, संजीव सोमवंशी, जिला महासचिव अभय यादव, युवा जिला अध्यक्ष अनुज राजपूत, संजीव यादव, गुड्डू यादव, दिनेश सिंह, सुग्रीव पाल, बिजनेस यादव, बबलू खटीक, दीपू राठौर, शिवराम शाक्य, पप्पू यादव, प्रेम चंद्र सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।