फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 07 अक्टूबर 2026 तहसील सदर फर्रुखाबाद को वर्तमान स्थान से किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की संभावित कार्रवाई का बार एसोसिएशन तहसील सदर फर्रुखाबाद ने विरोध किया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष रामेन्द्र कटियार एडवोकेट और सचिव ओमप्रकाश दुबे एडवोकेट ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन एवं जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को पत्र भेजकर तहसील को वर्तमान स्थान पर ही संचालित रखने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि फर्रुखाबाद जनपद में फतेहगढ़ में सिविल न्यायालय, चकबंदी न्यायालय एवं जिला मुख्यालय स्थित हैं, जबकि सदर तहसील वर्ष 1938 से नगर फर्रुखाबाद में संचालित होती रही है। पुराना भवन जर्जर होने के बाद वर्ष 2014 में करोड़ों रुपये की लागत से नवीन तहसील भवन का निर्माण कराया गया था। वर्तमान में इसी भवन में तहसील के न्यायालय एवं कार्यालय संचालित हो रहे हैं।
अधिवक्ताओं के अनुसार तहसील भवन के निकट ही उपनिबंधक कार्यालय भी अपने निजी भवन में संचालित है। दोनों कार्यालय एक ही स्थान पर होने से आम जनता और वादकारियों को राजस्व संबंधी अभिलेख एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए सुविधा मिलती है।
बार एसोसिएशन ने कहा कि यदि वर्तमान तहसील भवन को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर नया भवन बनाया जाता है तो इससे अनावश्यक रूप से सरकारी धन खर्च होगा। साथ ही आम जनता, क्षेत्रीय लोगों और अधिवक्ताओं को भी अनेक प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
पत्र में यह भी बताया गया कि वर्ष 2014 में निर्मित तहसील भवन अभी पूरी तरह कार्य करने योग्य है। भवन की पिछली दीवार वर्षा के कारण मरम्मत योग्य हुई है, जिसे अपेक्षाकृत कम खर्च में दुरुस्त कराया जा सकता है। ऐसे में नए भवन के निर्माण और तहसील स्थानांतरण की आवश्यकता नहीं है।
बार एसोसिएशन ने जनहित में मांग की है कि तहसील सदर फर्रुखाबाद को वर्तमान स्थान से किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित न किया जाए और मौजूदा भवन की आवश्यक मरम्मत कराकर वहीं से तहसील संबंधी कार्य संचालित किए जाएं।
इस दौरान पंकज कुमार एडवोकेट, आशीष कुमार एडवोकेट, शिवमंगल सिंह एडवोकेट, अंशुमान एडवोकेट, विपिन कुमार एडवोकेट, जगबीर कुशवाहा एडवोकेट, अशोक कुमार लोधी एडवोकेट, अमित कुमार शाक्य एडवोकेट, दिलीप कश्यप एडवोकेट सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।