Monday, 14 September 2026 | 5:38 PM
India

फर्रुखाबाद:गड्ढों से भरे इटावा-बरेली हाईवे पर टोल वसूली की तैयारी, जनता में भारी आक्रोश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 जुलाई 2026 इटावा-बरेली हाईवे (एनएच-730सी) पर जल्द ही टोल टैक्स वसूली शुरू होने की तैयारी है। जैतपुर मोड़ पर बन रहे टोल प्लाजा का लगभग 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। हालांकि, हाईवे की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में भारी नाराजगी देखने
Share:
फर्रुखाबाद:गड्ढों से भरे इटावा-बरेली हाईवे पर टोल वसूली की तैयारी, जनता में भारी आक्रोश
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 जुलाई 2026 इटावा-बरेली हाईवे (एनएच-730सी) पर जल्द ही टोल टैक्स वसूली शुरू होने की तैयारी है। जैतपुर मोड़ पर बन रहे टोल प्लाजा का लगभग 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। हालांकि, हाईवे की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि जब सड़क ही सुरक्षित और सुगम नहीं है तो टोल टैक्स वसूलना पूरी तरह अनुचित होगा।

करीब 53 किलोमीटर लंबे इस हाईवे को तीन वर्ष पहले करोड़ों रुपये की लागत से चौड़ा किया गया था, लेकिन वर्तमान में सड़क कई स्थानों पर गहरे गड्ढों और टूटी हुई सतह में बदल चुकी है। खिमसेपुर, पसनिंगपुर, मोहम्मदाबाद, सकवाई और मुरहास जैसे इलाकों में सड़क की हालत बेहद खराब है, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं।

रात्रि के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। हाईवे पर अधिकांश स्थानों पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने से अंधेरा पसरा रहता है, जिससे वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बरसात के मौसम में जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण मोहम्मदाबाद कस्बे, सेंट्रल जेल चौराहे और अन्य स्थानों पर सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले सड़क की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और जल निकासी जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए, उसके बाद ही टोल वसूली शुरू की जानी चाहिए। लोगों का आरोप है कि खराब सड़क पर टोल वसूलना आम जनता के साथ अन्याय होगा।

गौरतलब है कि पहले टोल प्लाजा वाहिदपुर गांव में प्रस्तावित था, लेकिन किसानों और स्थानीय लोगों के तीव्र विरोध के बाद इसका स्थान बदलकर जैतपुर मोड़ कर दिया गया।

इस संबंध में एनएचएआई के साइट इंजीनियर विश्वास मिश्रा ने बताया कि जहां-जहां सड़क क्षतिग्रस्त है, वहां ठेकेदार को मरम्मत के निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि टोल प्लाजा शुरू होने में अभी लगभग तीन महीने का समय है और उससे पहले सड़क की मरम्मत का कार्य पूरा करा दिया जाएगा।

फिलहाल टोल वसूली की तैयारियों के बीच हाईवे की जर्जर स्थिति को लेकर लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि टोल संचालन शुरू होने से पहले सड़क वास्तव में पूरी तरह दुरुस्त हो पाती है या नहीं।