Friday, 30 October 2026 | 6:41 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्निर्धारण को लेकर बैठक, 18 अक्टूबर तक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

फर्रुखाबाद में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ की अध्यक्षता में मतदेय स्थलों के संभाजन, पुनर्निर्धारण एवं नए मतदेय स्थल स्थापित करने को लेकर बैठक हुई। अधिकारियों को 18 अक्टूबर तक भौतिक सत्यापन और प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
Share:
फर्रुखाबाद में मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्निर्धारण को लेकर बैठक, 18 अक्टूबर तक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) 16 अक्टूबर 2026 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड़ की अध्यक्षता में मतदेय स्थलों के संभाजन, पुनर्निर्धारण एवं नए मतदेय स्थल स्थापित किए जाने के संबंध में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जनपद की सभी चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन तथा आवश्यकता के अनुसार मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्निर्धारण की कार्यवाही पर चर्चा की गई। नए मतदेय स्थल स्थापित किए जाने की आवश्यकता होने पर उपयुक्त भवनों का चिन्हांकन करने तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण, नए मतदेय स्थलों के लिए भवनों का चिन्हांकन तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रस्ताव तैयार करने की कार्यवाही 16 से 18 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण की जानी है। इसके बाद मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची 19 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

आलेख्य सूची को आपत्तियों एवं सुझावों के लिए मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया जाएगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों के निस्तारण के बाद 26 अक्टूबर 2026 को सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।

इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मतदेय स्थलों का प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को आयोग के अनुमोदनार्थ भेजने के लिए 27 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध कराया जाएगा। अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समस्त कार्यवाही समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की भी जानकारी दी गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदेय स्थलों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन की कार्यवाही 02 नवंबर 2026 तक, एकीकृत आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को तथा दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है।

प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को प्रस्तावित है।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नए मतदाताओं को निर्वाचक नामावली में शामिल कराने के लिए प्रारूप-6 भरवाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्वाचन संबंधी कार्यों में समयबद्धता, पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्निर्धारण से संबंधित सभी कार्यवाही निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी करते हुए आवश्यक अभिलेख एवं प्रस्ताव समय से उपलब्ध कराए जाएं, जिससे मतदाताओं को सुगम एवं बेहतर निर्वाचन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

बैठक में भारतीय जनता पार्टी से मुकेश गुप्ता, बहुजन समाज पार्टी से रामरतन गौतम, समाजवादी पार्टी से सुभाष चंद्र शाक्य, आम आदमी पार्टी से अंकुश सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उप जिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक वर्मा, उप जिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू, उप जिलाधिकारी न्यायिक सदर दीपक माथुर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव बिसारिया, अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी सुरेन्द्र पाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।