फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 जुलाई 2026 उत्तर प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महायज्ञ–2026 के अंतर्गत रविवार को विकास खंड शमशाबाद के ग्राम गुटैटी दक्षिण में आयोजित विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम में कायमगंज विधानसभा की विधायक डॉ. सुरभि ने सहभागिता करते हुए "एक पेड़ माँ के नाम" एवं "एक पेड़ बेटी के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. सुरभि ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वच्छ एवं स्वस्थ भविष्य की अमूल्य निधि हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल एवं संरक्षण का भी संकल्प ले। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखा जाए।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और प्रदेश सरकार के हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने में अपनी सहभागिता निभाई।