Monday, 14 September 2026 | 5:38 PM
India

फर्रुखाबाद:कमालगंज विकासखंड कार्यालय का निरीक्षण, योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 फरवरी 2026 जनपद के जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मंगलवार को विकासखंड कार्यालय कमालगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, जनसुनवाई व्यवस्था, साफ-सफाई तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्त
Share:
फर्रुखाबाद:कमालगंज विकासखंड कार्यालय का निरीक्षण, योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 फरवरी 2026 जनपद के जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मंगलवार को विकासखंड कार्यालय कमालगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, जनसुनवाई व्यवस्था, साफ-सफाई तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुँचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ब्लॉक परिसर में खड़ी अनावश्यक गाड़ियों को हटवाने, केंद्रीय वित्त एवं राज्य वित्त आयोग की प्राप्त ग्रांट का शत-प्रतिशत उपयोग करने, कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं तथा कैशबुक को अद्यतन रखने तथा फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित लंबित मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही स्पेशल क्लोज एवं असंतुष्ट आईजीआरएस प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने को भी कहा।

सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) की अलमारी में अभिलेख व्यवस्थित रूप से न रखे होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने कार्यालय परिसर में स्थापित प्रेरणा कैंटीन तथा पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय का भी निरीक्षण किया।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सहायक खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।