Monday, 14 September 2026 | 8:07 PM
UP News

फर्रुखाबाद:गंगा चेतावनी बिंदु से ऊपर, डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और शरणालयों का किया निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 अगस्त 2026 नरौरा बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर पहुंचने पर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और शरणालय स्थलों का स्थलीय न
Share:
फर्रुखाबाद:गंगा चेतावनी बिंदु से ऊपर, डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और शरणालयों का किया निरीक्षण
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 अगस्त 2026 नरौरा बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर पहुंचने पर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और शरणालय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम तीसराम मड़ैया, ग्राम चित्रकूट तथा राजेपुर स्थित महात्मा गांधी इंटर कॉलेज और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में बनाए गए शरणालय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से शरणार्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली और निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।

डीएम ने शरणालयों में पेयजल, बिजली, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, भोजन, चिकित्सा सुविधा, महिलाओं और बच्चों की आवश्यकताओं के साथ पशुओं के चारे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित कृषि भूमि और जलभराव वाले क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए तथा ग्राम स्तर पर तैनात कर्मचारी जलस्तर में किसी भी वृद्धि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दें।

उन्होंने बताया कि संभावित बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। राहत सामग्री, नावें, चिकित्सा दल और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध करा दिए गए हैं। साथ ही आमजन से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू, तहसीलदार शशांक सिंह, खंड विकास अधिकारी राजेपुर सुनील जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।