फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 08 अक्टूबर 2026 जनपद में फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर सख्ती, 489 अधिकारियों-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस
फर्रुखाबाद, 08 अक्टूबर 2026। जनपद में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड़ की अध्यक्षता में की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में कुल 2,50,162 कृषकों की फार्मर आईडी बनाई जानी है, जिसके सापेक्ष अब तक 2,08,390 कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार की जा चुकी है। अभी लगभग 42 हजार कृषकों की फार्मर आईडी बनाया जाना शेष है।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विकासखंडों में फार्मर रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शेष कृषकों की फार्मर आईडी प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराई जाए। साथ ही कृषकों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व की जानकारी देकर उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि पात्र कृषकों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ सुगमता से प्राप्त हो सके।
समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि विकासखंड स्तर पर फार्मर रजिस्ट्री कार्य के लिए ड्यूटी में लगाए गए कई पंचायत सहायकों, ग्राम रोजगार सेवकों, ग्राम पंचायत सचिवों, ग्राम विकास अधिकारियों तथा कृषि विभाग के कार्मिकों द्वारा अपेक्षित कार्य नहीं किया गया। कुछ कार्मिकों द्वारा एक भी फार्मर रजिस्ट्री तैयार न किए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
कार्य में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर 304 पंचायत सहायकों, 88 लेखपालों, 27 ग्राम पंचायत सचिवों, 47 ग्राम रोजगार सेवकों तथा 23 ग्राम विकास अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।