Friday, 30 October 2026 | 6:41 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में आबकारी विभाग की कार्रवाई, 28 लीटर अवैध कच्ची शराब और 40 किलो लहन बरामद

फर्रुखाबाद के कायमगंज क्षेत्र के श्यामनगर गांव में आबकारी विभाग ने दबिश देकर 28 लीटर अवैध कच्ची शराब और 40 किलोग्राम लहन बरामद किया। लहन को मौके पर नष्ट कर एक अभियोग दर्ज किया गया। विभाग ने कई शराब दुकानों का औचक निरीक्षण कर स्टॉक, POS मशीन, ऑनलाइन भुगतान और CCTV व्यवस्था की भी जांच की।
Share:
फर्रुखाबाद में आबकारी विभाग की कार्रवाई, 28 लीटर अवैध कच्ची शराब और 40 किलो लहन बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग का प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के पर्यवेक्षण में विभागीय टीमों द्वारा कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 18 अक्टूबर 2026 को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी ने स्टाफ के साथ कायमगंज क्षेत्र के संदिग्ध ग्राम श्यामनगर में कई स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान टीम ने 28 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा 40 किलोग्राम लहन बरामद किया। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत एक अभियोग पंजीकृत किया गया।

इसके अलावा टीम द्वारा देशी शराब दुकान नौगवां, अचरा तथा कंपोजिट शॉप अचरा और अहियापुर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

वहीं आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने स्टाफ के साथ विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान देशी शराब दुकान आमिलपुर, धुइयाँ करबला, खानपुर तथा कंपोजिट दुकान धुइयाँ करबला की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, POS मशीन से बिक्री तथा CCTV कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। देशी शराब दुकानों की कैंटीन की भी सघन जांच की गई।

आबकारी विभाग ने संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का अभिलेखों से मिलान भी किया गया।

विभाग ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने और अवैध मदिरा के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।

जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध आबकारी विभाग का प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।