Monday, 14 September 2026 | 10:49 PM
India

फर्रुखाबाद:यू-विन और ई-विन पोर्टल की प्रभावी मॉनिटरिंग से नियमित टीकाकरण को मिलेगी नई गति, एचपीवी वैक्सीनेशन पर रहेगा विशेष फोकस

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अगस्त 2026 जनपद में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं शत-प्रतिशत बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में यू-विन (U-WIN) एवं ई-विन (eVIN) पोर्टल के प्रभावी संचालन, टीकाकरण रिपोर्टिंग तथा कार्यक्रम की गुणवत्ता सुधार को ल
Share:
फर्रुखाबाद:यू-विन और ई-विन पोर्टल की प्रभावी मॉनिटरिंग से नियमित टीकाकरण को मिलेगी नई गति, एचपीवी वैक्सीनेशन पर रहेगा विशेष फोकस
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अगस्त 2026 जनपद में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं शत-प्रतिशत बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में यू-विन (U-WIN) एवं ई-विन (eVIN) पोर्टल के प्रभावी संचालन, टीकाकरण रिपोर्टिंग तथा कार्यक्रम की गुणवत्ता सुधार को लेकर एक दिवसीय अभिमुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने की। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने प्रशिक्षण के दौरान सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यू-विन एवं ई-विन पोर्टल की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रत्येक पात्र लाभार्थी का समयबद्ध पंजीकरण और टीकाकरण की ऑनलाइन रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नियमित प्रतिरक्षण कार्यक्रम के माध्यम से हर बच्चे तक समय पर सभी आवश्यक टीके पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इससे बच्चों को डिप्थीरिया, काली खांसी, टिटनेस, पोलियो, हेपेटाइटिस-बी, खसरा-रूबेला सहित 12 गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सकता है।

सीएमओ ने जनपद के अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं को एचपीवी (HPV) वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने बताया कि यह टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी माध्यम है और स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्रशिक्षण का संचालन एसीएमओ (डीआईओ) डॉ. सर्वेश यादव ने किया। उन्होंने यू-विन एवं ई-विन पोर्टल पर लाभार्थियों के पंजीकरण, वैक्सीन स्टॉक प्रबंधन, कोल्ड चेन व्यवस्था, ऑनलाइन रिपोर्टिंग तथा डेटा गुणवत्ता से जुड़े तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सभी नोडल अधिकारियों से निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कर नियमित टीकाकरण अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जनपद के सभी यू-विन एवं ई-विन नोडल अधिकारी तथा नियमित प्रतिरक्षण कार्यक्रम से जुड़े स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग ने उम्मीद जताई कि पोर्टलों की प्रभावी मॉनिटरिंग और बेहतर डेटा प्रबंधन से जनपद में नियमित टीकाकरण अभियान को नई गति मिलेगी तथा अधिक से अधिक बच्चों और किशोरियों तक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच सकेंगी।