Monday, 14 September 2026 | 6:59 PM
UP News

फर्रुखाबाद:आईजीआरएस शिकायतों में लापरवाही पर डीएम सख्त, कई अधिकारियों का मई माह का वेतन रोका

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 मई 2026 जनपद की जिलाधिकारी डॉ.अंकुर लाठर ने आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए मई 2026 का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश जारी किए हैं। यह कार्रवाई 1 मई से 26 मई 2026 तक प्राप्त आईजीआरएस संदर्भों की समीक्षा
Share:
फर्रुखाबाद:आईजीआरएस शिकायतों में लापरवाही पर डीएम सख्त, कई अधिकारियों का मई माह का वेतन रोका
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 मई 2026 जनपद की जिलाधिकारी डॉ.अंकुर लाठर ने आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए मई 2026 का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश जारी किए हैं। यह कार्रवाई 1 मई से 26 मई 2026 तक प्राप्त आईजीआरएस संदर्भों की समीक्षा के दौरान सामने आई गंभीर अनियमितताओं के आधार पर की गई।

जिलाधिकारी द्वारा की गई विस्तृत समीक्षा में पाया गया कि कई विभागों द्वारा शिकायतों का निस्तारण शासनादेशों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से नहीं किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं से संपर्क स्थापित न किए जाने तथा नियमित समीक्षा में शिथिलता के कारण जनपद की रैंकिंग प्रभावित हो रही है और शासन स्तर पर जनपद की छवि धूमिल हो रही है।

समीक्षा के दौरान नगर पालिका एवं नगर पंचायत फर्रुखाबाद व मोहम्मदाबाद के अधिशासी अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक कायमगंज, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता एवं अधिशासी अभियंता ग्रामीण, नगरीय और कायमगंज, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित कई प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता, उप निदेशक कृषि, विभिन्न ब्लॉकों के सहायक विकास अधिकारी पंचायत तथा खंड विकास अधिकारियों की कार्यप्रणाली अत्यंत आपत्तिजनक पाई गई।

डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि आईजीआरएस प्रणाली शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और मुख्यमंत्री स्तर पर जनसुनवाई एवं शिकायत निस्तारण को विशेष महत्व दिया गया है। इसके बावजूद शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता न बरतना अनुशासनहीनता, अकर्मण्यता और प्रशासनिक अक्षमता को दर्शाता है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं से अनिवार्य रूप से संपर्क स्थापित कर शासनादेशों का पूर्ण अनुपालन कराया जाए।