Monday, 14 September 2026 | 8:07 PM
India

फर्रुखाबाद: होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम-एसपी का सख्त निरीक्षण, 19 केंद्रों पर होगी परीक्षा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 अप्रैल 2026 जनपद में 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और
Share:
फर्रुखाबाद: होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम-एसपी का सख्त निरीक्षण, 19 केंद्रों पर होगी परीक्षा
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 अप्रैल 2026 जनपद में 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आर.पी. इंटर कॉलेज कमालगंज, आर.पी. पी.जी. कॉलेज कमालगंज, फिरोज गांधी इंटर कॉलेज कमालगंज तथा जनता राष्ट्रीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ सहित प्रमुख केंद्रों का दौरा किया गया। डीएम ने सभी केंद्रों पर स्ट्रॉन्ग रूम और सीसीटीवी कंट्रोल रूम की व्यवस्था को परखा और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने साफ निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर शौचालयों की साफ-सफाई, पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता और बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली को निर्धारित समय तक पूरी तरह सुचारु कर लिया जाए। साथ ही अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग और पहचान सत्यापन को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

प्रशासन के अनुसार, जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जबकि अतिरिक्त 2 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 4 स्टैटिक मजिस्ट्रेट को रिजर्व में रखा गया है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें प्रत्येक पाली में 7104 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस प्रकार तीन दिनों में कुल 42,624 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए कड़े नियम लागू किए गए हैं। केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, पर्स, स्मार्टवॉच, स्मार्टबैंड, सनग्लासेस और हैंडबैग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। अभ्यर्थियों के लिए क्लॉक रूम की व्यवस्था की गई है, जहां वे अपना सामान सुरक्षित रख सकेंगे। प्रवेश के दौरान केवल पेन, प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र ही मान्य होंगे।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।