Wednesday, 16 September 2026 | 4:26 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद: निर्माण कार्यों में लापरवाही पर सख्त डीएम, खराब प्रगति वाली संस्थाओं पर कार्रवाई के निर्देश

फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने 50 लाख रुपये एवं उससे अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण, गुणवत्ता और शासन के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खराब प्रगति वाली कार्यदायी संस्थाओं पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
Share:
फर्रुखाबाद: निर्माण कार्यों में लापरवाही पर सख्त डीएम, खराब प्रगति वाली संस्थाओं पर कार्रवाई के निर्देश
फर्रुखाबाद निर्माण कार्य समीक्षा बैठक
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़)। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में 50 लाख रुपये एवं उससे अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा जनपद में कराए जा रहे निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से निर्माणाधीन परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्य पूर्ण होने की निर्धारित समय-सीमा तथा निर्माण कार्यों में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों, गुणवत्ता एवं समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण कराए जाएं। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उनके हस्तांतरण की आवश्यक प्रक्रिया संबंधित विभाग तत्काल पूरी करें, ताकि तैयार परियोजनाओं का लाभ आमजन को समय से मिल सके। साथ ही निर्माण कार्यों की नियमित गुणवत्ता जांच कराने तथा निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए।

डीएम ने चेतावनी के बावजूद कार्यशैली में सुधार नहीं करने वाली कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध निष्कासन की कार्रवाई के लिए शासन से पत्राचार पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में अधिशासी अभियंता, नलकूप खंड के बिना बताए अनुपस्थित रहने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने लंबित परियोजनाओं में तेजी लाकर निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्माणाधीन परियोजनाओं का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने, प्रगति की निगरानी रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा।

विकासखंड मोहम्मदाबाद की ग्राम पंचायत मौधा में लक्षित उत्सव भवन की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था एवं अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी वीरेंद्र कुमार, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी योगेश पाण्डेय, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मुरलीधर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।