Tuesday, 15 September 2026 | 8:07 PM
उत्तर प्रदेश

विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम 2025 योजना की समीक्षा, जिलाधिकारी ने दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

फर्रुखाबाद, 15 सितम्बर 2026। विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम 2025 योजना के सफल क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त (श्रम रोजगार), समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी एवं समस्त लेखाकार उपस्थित रहे।
Share:
विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम 2025 योजना की समीक्षा, जिलाधिकारी ने दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
कलेक्ट्रेट सभागार फर्रुखाबाद
Read in your preferred language.
फर्रुखाबाद, 15 सितम्बर 2026। विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम 2025 योजना के सफल क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त (श्रम रोजगार), समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी एवं समस्त लेखाकार उपस्थित रहे।
बैठक में योजना के अंतर्गत श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने, मानव दिवस सृजन, श्रमिकों के समय से भुगतान तथा ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यों की प्रगति सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने समस्त खण्ड विकास अधिकारियों एवं लेखाकारों को निर्देशित किया कि श्रमिकों की मजदूरी का भुगतान निर्धारित समय-सीमा 15 दिवस के भीतर प्रत्येक दशा में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में मांग आधारित पर्याप्त संख्या में कार्य संचालित किए जाएं, जिससे इच्छुक अकुशल एवं कुशल श्रमिकों को रोजगार से वंचित न होना पड़े। साथ ही किसी भी ग्राम पंचायत में शून्य मानव दिवस की स्थिति न रहने देने के निर्देश दिए।
उन्होंने समस्त विकास खण्डों में लक्ष्य के सापेक्ष अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करने तथा ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों के आवागमन हेतु चकमार्गों का नियमानुसार निर्माण कराने के निर्देश दिए। जहां कहीं कब्जे की समस्या हो, वहां संबंधित तहसील से समन्वय स्थापित कर तत्काल कब्जा मुक्त कराते हुए कार्य प्रारंभ कराया जाए।
जिलाधिकारी ने विकास खण्डवार खेल मैदानों का चयन कर शीघ्र कार्ययोजना तैयार करते हुए निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने तथा सिंचाई नाली/गूल सफाई, वर्मी कम्पोस्ट आदि उपयोगी कार्यों को भी योजना में सम्मिलित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त खण्ड विकास अधिकारियों एवं उपस्थित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि योजना के जिन बिंदुओं पर प्रगति खराब है, उनमें एक सप्ताह के भीतर ठोस प्रगति लाना सुनिश्चित करें। श्रमिकों के भुगतान की कार्यवाही में किसी भी स्तर पर विलम्ब न हो तथा जनपद स्तर से प्रतिदिन अनुश्रवण किया जाए।
जिला विकास अधिकारी एवं उपायुक्त (श्रम रोजगार) द्वारा भी निर्देशित किया गया कि योजना के प्राथमिकता वाले बिंदुओं की विकास खण्ड स्तर पर प्रतिदिन ग्राम रोजगार सेवक, पंचायत सचिव एवं तकनीकी सहायकों के साथ समीक्षा की जाए, ताकि कार्यों में तेजी लाई जा सके और ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकाधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध हो |