फर्रुखाबाद। (द दस्तक 24 न्यूज) 15 सितंबर 2026। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कादरीगेट थाना पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को चोरी की मोटरसाइकिलों और कटे हुए मोटरसाइकिल पार्ट्स के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवनीश कुमार उर्फ आयुष पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम चिराय, थाना बिछवा, जनपद मैनपुरी तथा मो. कासिम पुत्र सैयुल्लाह उर्फ सईउल्लाह, निवासी खेड़ा कस्बा शाहाबाद, थाना शाहाबाद, जनपद हरदोई, हाल पता अमेठी कोहना, थाना कादरीगेट, जनपद फतेहगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि 14/15 सितंबर 2026 की रात थाना कादरीगेट क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दोनों आरोपियों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। उनकी निशानदेही पर कुल 3 चोरी की मोटरसाइकिलें तथा मोटरसाइकिलों के बड़ी संख्या में कटे हुए पार्ट्स बरामद किए गए।
कबाड़ कारोबारी को बेचते थे चोरी के पार्ट्स
पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी अवनीश कुमार ने बताया कि वह मोटरसाइकिल चोरी कर पहले उन्हें बेचता था, लेकिन पकड़े जाने के डर से बाद में मोटरसाइकिलों को औजारों की मदद से खोलकर उनके पार्ट्स अलग-अलग करके बेचने लगा। पूछताछ में उसने करीब 20 मोटरसाइकिल चोरी करने की बात बताई है। उसके अनुसार चोरी किए गए पार्ट्स चांदपुर में कबाड़ का काम करने वाले मो. कासिम को बेचे जाते थे।
वहीं आरोपी मो. कासिम ने पूछताछ में कबाड़ का काम करने और रुपये के लालच में चोरी का सामान खरीदकर बेचने की बात पुलिस को बताई।
बड़ी मात्रा में बाइक के पार्ट्स बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से 3 चोरी की मोटरसाइकिल, 12 मोटरसाइकिल के खुले हुए चेसिस, 11 शॉकर रॉड, 6 शॉकर, 12 साइलेंसर, 26 मोटरसाइकिल की रिम, 3 रिम मय टायर, 22 मोटरसाइकिल के टायर, 12 पेट्रोल टंकी और 9 नंबर प्लेट बरामद की हैं। इसके अलावा ट्यूब, अन्य छोटे-बड़े पार्ट्स और मोटरसाइकिल काटने का ग्राइंडर भी बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से 315 बोर का एक तमंचा, 12 जिंदा कारतूस तथा 315 बोर के 2 मिस कारतूस भी बरामद किए गए। इसके साथ ही बाइक खोलने-काटने में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न औजार, एक एंड्रॉयड फोन और एक ई-रिक्शा भी बरामद कर सीज किया गया।
मुकदमा दर्ज, कार्रवाई जारी
बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना कादरीगेट में मु0अ0सं0 217/2026, धारा 317(2)/317(4)/317(5)/238 बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना कादरीगेट के प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक कपिल कुमार मय टीम तथा एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक संत कुमार मय टीम शामिल रही।