फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 15 सितंबर 2026। आगामी 17 सितंबर से प्रारंभ होने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर मंगलवार को फतेहगढ़ स्थित विकास भवन के सभागार में भाजपा संगठन एवं प्रशासन के अधिकारियों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यक्रमों, जिम्मेदारियों और संगठन-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, कायमगंज विधायक प्रतिनिधि डॉ. अजीत गंगवार, डीडीओ श्याम कुमार तिवारी, सीडीओ विनोद कुमार गौड़, जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित एवं गोपाल राठौर, हिमांशु गुप्ता सहित भाजपा संगठन एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह का राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर सार्वजनिक सेवा के क्षेत्र में अपनी यात्रा प्रारंभ की थी। सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर संगठन और सरकार के समन्वय से विभिन्न सेवा, जनकल्याण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति और गांव तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा। इसके साथ ही रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, स्वच्छता अभियान, लाभार्थियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन, वडनगर से वाराणसी तक सेवा ज्योति कलश यात्रा और सेवा सेतु अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा सांस्कृतिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ‘नमो सेवा गाथा’, ‘कहानी बदलाव की’ और रंगोली सहित विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों को बूथ से लेकर मंडल स्तर तक व्यापक रूप से संचालित करने की योजना है।
अभियान में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जिलाध्यक्ष ने बताया कि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए संगठन स्तर पर पदाधिकारियों को संयोजक एवं सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रशासन की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों के लिए अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
बैठक में खिमसेपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पुष्कराज सिंह, नवाबगंज नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार राजपूत, संकिसा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राहुल राजपूत, जिला उपाध्यक्ष रश्मि दूबे, हीना दवे, अभिषेक बाथम, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बविता पाठक, किरण सिंह, जिला मंत्री शिवमोहन सिंह, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, अभिषेक बाजपेई, पिछड़ा मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत, जिला उपाध्यक्ष संदेश राजपूत, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह बुंदेला, मनोज गंगवार सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।