Friday, 30 October 2026 | 5:44 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:जिलाधिकारी डॉ.अंकुर लाठर ने मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भोलेपुर में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, टीकाकरण एवं उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए नियमित कीटनाशक छिड़काव और स्वच्छता व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए।
Share:
फर्रुखाबाद:जिलाधिकारी डॉ.अंकुर लाठर ने मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा
536696
536561



फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) 25 अक्टूबर 2026 जनसामान्य को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक रविवार आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने रविवार को औचक निरीक्षण किया। उन्होंने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भोलेपुर पहुंचकर ओपीडी, टीकाकरण, उपचार और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर चिकित्सा अधीक्षक, फार्मासिस्ट एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित मिले। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के अंतर्गत ओपीडी, टीकाकरण एवं उपचार संबंधी गतिविधियां व्यवस्थित रूप से संचालित होती पाई गईं। जिलाधिकारी ने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों की सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर नियमित रूप से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जाए। उन्होंने कहा कि मच्छरों एवं अन्य रोगवाहक कीटों के प्रजनन पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है, जिससे लार्वाजनित एवं अन्य संक्रामक बीमारियों से आमजन को सुरक्षित रखा जा सके।

उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्रों के आसपास साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा संबंधित क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। स्वास्थ्य विभाग की टीमों को नियमित टीकाकरण, व्यक्तिगत स्वच्छता और आसपास साफ-सफाई के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए कहा गया।

इसके बाद जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भोलेपुर में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का निरीक्षण किया। यहां ओपीडी, टीकाकरण एवं उपचार संबंधी गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित मिलीं। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केन्द्र पर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केन्द्र पर उपस्थित प्रसूताओं से संवाद कर उन्हें मिल रही चिकित्सा सेवाओं, उपचार की सुविधा और अन्य सहायता के संबंध में जानकारी ली। प्रसूताओं ने स्वास्थ्य केन्द्र पर उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं को संतोषजनक बताया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का लाभ अधिक से अधिक पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाए। मेले में आने वाले मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, जांच, उपचार एवं अन्य उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाएं सुगमता से प्रदान की जाएं। गर्भवती महिलाओं, प्रसूताओं एवं बच्चों से संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेला आमजन को उनके निकट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य लोगों को समय पर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने तथा संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।