Friday, 30 October 2026 | 6:42 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की समीक्षा बैठक सम्पन्न, अधिकार मित्रों की भूमिका पर हुई चर्चा

फर्रुखाबाद में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की समीक्षा बैठक में अधिकार मित्रों के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में निःशुल्क कानूनी सहायता, विधिक जागरूकता और जरूरतमंदों को न्याय व्यवस्था से जोड़ने के महत्व पर चर्चा हुई। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों एवं प्राधिकरण से जुड़े अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
Share:
फर्रुखाबाद में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की समीक्षा बैठक सम्पन्न, अधिकार मित्रों की भूमिका पर हुई चर्चा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फर्रुखाबाद के तत्वावधान में अधिकार मित्रों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में अधिकार मित्रों द्वारा किए जा रहे विधिक सेवा कार्यों की समीक्षा की गई तथा आमजन तक निःशुल्क कानूनी सहायता पहुंचाने और विधिक जागरूकता बढ़ाने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान अधिकार मित्रों ने न्यायिक अधिकारियों एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से जुड़े अधिकारियों को माल्यार्पण कर तथा स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में जिला जज नीरज कुमार, अपर जिला जज एवं डीएलएसए के नोडल अधिकारी संजय कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव न्यायाधीश श्रीमती बिंदिया भटनागर, पूर्व बार एसोसिएशन फतेहगढ़ अध्यक्ष जवाहर सिंह गंगवार, डीएलएसए के प्रशासनिक अधिकारी राम सिंह मौर्य तथा लीगल एड डिफेंस काउंसिल के डिप्टी चीफ सुरेंद्र कुमार राणा शामिल रहे।

बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से संचालित विधिक सहायता एवं जागरूकता कार्यक्रमों में अधिकार मित्रों की भूमिका के महत्व को रेखांकित किया गया। वक्ताओं ने जरूरतमंद, वंचित एवं पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी उपलब्ध कराने और उन्हें न्याय व्यवस्था से जोड़ने में अधिकार मित्रों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

अधिकार मित्र समाज के उन लोगों तक कानूनी सहायता संबंधी जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो आर्थिक या अन्य कारणों से न्यायिक सहायता प्राप्त करने में कठिनाई महसूस करते हैं। विधिक जागरूकता के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को उनके अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सुविधाओं के प्रति जागरूक किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को सम्मानित कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन लीगल एड डिफेंस काउंसिल के डिप्टी चीफ सुरेंद्र कुमार राणा ने किया।

इस अवसर पर अधिकार मित्र हेतराम, सुबोध, निधि, सरिता, धन देवी, दया प्रभा, अखिलेश, आलोक, नरेंद्र परिहार, गौरव, प्रमोद, राजीव, अनुज सहित अन्य अधिकार मित्र उपस्थित रहे।