Monday, 14 September 2026 | 8:07 PM
UP News

फर्रुखाबाद:गंगा दशहरा पर जिला प्रशासन अलर्ट: श्रद्धालुओं से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 मई 2026 जनपद में आगामी 25 मई 2026 को मनाए जाने वाले गंगा दशहरा पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पर्व के अवसर पर जिले के प्रमुख गंगा घाटों — पांचाल घाट, टोका घाट, श्रृंगीरामपुर, ढाई घाट और अट्टेना घाट सहित अन्य स्थानों पर भारी संख्या में श्रद्धालुओ
Share:
फर्रुखाबाद:गंगा दशहरा पर जिला प्रशासन अलर्ट: श्रद्धालुओं से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 मई 2026 जनपद में आगामी 25 मई 2026 को मनाए जाने वाले गंगा दशहरा पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पर्व के अवसर पर जिले के प्रमुख गंगा घाटों — पांचाल घाट, टोका घाट, श्रृंगीरामपुर, ढाई घाट और अट्टेना घाट सहित अन्य स्थानों पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की गई है।

जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर के निर्देशन में पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय, सिंचाई विभाग, अग्निशमन विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग एवं जल पुलिस संयुक्त रूप से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। प्रमुख घाटों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, गोताखोर, नाव, मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, कंट्रोल रूम, पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा है कि घाटों पर लगाए गए बैरिकेडिंग के आगे न जाएं तथा पुलिस और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे की हालत में गंगा स्नान करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बच्चों को अकेला न छोड़ने, गहरे पानी में न जाने और सेल्फी लेने जैसी जोखिम भरी गतिविधियों से बचने की भी अपील की गई है।

प्रशासन ने नाव संचालन को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। श्रद्धालुओं से कहा गया है कि जर्जर या क्षतिग्रस्त नावों पर यात्रा न करें तथा नाव में यात्रा करते समय लाइफ जैकेट अवश्य पहनें। खराब मौसम या तेज हवा की स्थिति में नाव का उपयोग न करने की सलाह दी गई है। नावों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने पर भी रोक लगाई गई है।

इसके अलावा प्रशासन ने घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक एवं कूड़ा-कचरा गंगा नदी में न फेंकने तथा केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

जिला प्रशासन का कहना है कि सभी प्रमुख घाटों पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय एवं चिकित्सा सहायता जैसे आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि गंगा दशहरा पर्व को श्रद्धा, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में प्रशासन का साथ दें।