Tuesday, 15 September 2026 | 12:29 AM
भारत

फर्रुखाबाद:किसानों को उचित मुआवजा और अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग, सपा ने सौंपा ज्ञापन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 जून 2026 समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने गुरुवार को जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने भूमि अधिग्रहण के बदले किसानों को उचित मुआवजा, अघोषित बिजली कटौती पर रोक, पेयजल व्यवस्
Share:
फर्रुखाबाद:किसानों को उचित मुआवजा और अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग, सपा ने सौंपा ज्ञापन
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 जून 2026 समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने गुरुवार को जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने भूमि अधिग्रहण के बदले किसानों को उचित मुआवजा, अघोषित बिजली कटौती पर रोक, पेयजल व्यवस्था में सुधार तथा बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण की मांग उठाई।

जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने बताया कि ज्ञापन में लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहित की जा रही भूमि के बदले किसानों को उचित और न्यायसंगत मुआवजा दिए जाने की मांग की गई है। उनका कहना था कि किसानों के हितों की रक्षा सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

समाजवादी पार्टी ने जनगणना प्रक्रिया में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए अलग कॉलम शामिल किए जाने की भी मांग की। पार्टी नेताओं का कहना है कि जनगणना में एससी और एसटी वर्ग के लिए कॉलम उपलब्ध है, लेकिन ओबीसी वर्ग का विकल्प न होना बड़ी आबादी के साथ भेदभाव है। इससे ओबीसी समाज की वास्तविक सामाजिक और आर्थिक स्थिति का सही आकलन नहीं हो सकेगा।

ज्ञापन में जिले में हो रही अघोषित बिजली कटौती का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। सपा नेताओं ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान घंटों बिजली कटौती से आम जनता परेशान है। उन्होंने निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

पार्टी ने जिले में पेयजल संकट की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। नेताओं ने कहा कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है। भू-जल स्तर गिरने से समस्या और गंभीर हो गई है। उन्होंने खराब पड़े हैंडपम्पों को तत्काल ठीक कराने तथा प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर अस्थायी टैंकर एवं प्याऊ स्थापित कराने की मांग की।

इसके अलावा बढ़ती महंगाई, विशेषकर डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि पर चिंता व्यक्त करते हुए सपा ने सरकार से कीमतों पर नियंत्रण लगाने की मांग की। पार्टी का कहना है कि ईंधन के बढ़ते दामों का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ रहा है, क्योंकि खेती की लागत और फसलों को मंडी तक पहुंचाने का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, प्रदेश सचिव डॉ. जितेंद्र सिंह यादव, प्रदेश सचिव सर्वेश अंबेडकर, जिला महासचिव इलियास मंसूरी, वरिष्ठ नेता डॉ. जे.पी. सिंह वर्मा, जिला उपाध्यक्ष नागेंद्र सिंह शाक्य सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।