Monday, 14 September 2026 | 8:07 PM
India

फर्रुखाबाद: किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय कृषक एसोसिएशन का 12 सूत्रीय ज्ञापन, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 मार्च 2026 भारतीय कृषक एसोसिएशन के पदाधिकारियों व किसानों ने शनिवार को विभिन्न जनसमस्याओं और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर तहसील कायमगंज में तहसीलदार को 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो जिला मुख
Share:
फर्रुखाबाद: किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय कृषक एसोसिएशन का 12 सूत्रीय ज्ञापन, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 मार्च 2026 भारतीय कृषक एसोसिएशन के पदाधिकारियों व किसानों ने शनिवार को विभिन्न जनसमस्याओं और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर तहसील कायमगंज में तहसीलदार को 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो जिला मुख्यालय पर बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ज्ञापन में कहा गया कि खटीक समाज अनुसूचित जाति के अंतर्गत आता है और समाज के बच्चों को पढ़ाई, नौकरी तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता होती है। आरोप लगाया गया कि तहसील कायमगंज में तहसीलदार और लेखपाल द्वारा जाति प्रमाण पत्र नहीं बनाए जा रहे हैं, जिससे समाज के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

संगठन ने प्रदेश सरकार से मांग की कि उत्तर प्रदेश में भी अन्य राज्यों की तरह आलू पर लगने वाला मंडी टैक्स समाप्त किया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके। इसके साथ ही जनपद में बिना लाइसेंस के चल रहे दवा दुकानों और क्लीनिकों पर कार्रवाई की मांग की गई। किसानों ने आरोप लगाया कि दूषित खाद्य पदार्थों—जैसे मिलावटी घी, तेल, दूध, दही, पनीर और मसालों में कृत्रिम रंग—का प्रयोग बढ़ गया है, जिससे उल्टी-दस्त सहित कई बीमारियां फैल रही हैं।

ज्ञापन में कायमगंज क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए। कहा गया कि बिजली आने-जाने का कोई निश्चित समय नहीं है, इसलिए रोस्टर के अनुसार नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही जेई जावेद को हटाने की मांग करते हुए उन पर अवैध वसूली और अनुचित व्यवहार के आरोप लगाए गए।

इसके अलावा जल निगम की पाइपलाइन से दूषित पेयजल की आपूर्ति रोकने, शहर के फुटपाथों पर हो रहे अवैध कब्जे हटाने और नगर पालिका के ईओ पर अवैध वसूली कराने के आरोपों की जांच की मांग भी की गई। मोहल्ला जवाहरगंज स्थित विसाती बाजार और सब्जी मंडी में शौचालय/पेशाबघर बनवाने की मांग करते हुए कहा गया कि वहां व्यापार होने के कारण महिलाओं और पुरुषों को भारी असुविधा होती है।

संगठन ने शहर में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या और बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग भी उठाई। साथ ही जवाहरगंज में स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स व बारात घर की नगर पालिका द्वारा रंगाई, सफाई और मरम्मत कराए जाने की मांग की गई। सुधा गंगवार के मकान के पीछे पानी की टंकी के पास खड़े बड़े यूकेलिप्टस के पेड़ को भी खतरे की आशंका बताते हुए तत्काल कटवाने की मांग की गई।

भारतीय कृषक एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन जिला मुख्यालय पर बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगा।