Monday, 14 September 2026 | 10:43 PM
UP News

फर्रुखाबाद: बैंक सरकारी योजनाओं के लक्ष्यों की पूर्ति में तेजी लाएं, लापरवाही पर शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट – डीएम

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 जून 2026 कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आरसेटी सलाहकार समिति एवं जिला स्तरीय पुनरीक्षण एवं सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, बैंकिंग सेवाओं की प्रगति तथा ऋण वि
Share:
फर्रुखाबाद: बैंक सरकारी योजनाओं के लक्ष्यों की पूर्ति में तेजी लाएं, लापरवाही पर शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट – डीएम
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 जून 2026 कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आरसेटी सलाहकार समिति एवं जिला स्तरीय पुनरीक्षण एवं सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, बैंकिंग सेवाओं की प्रगति तथा ऋण वितरण की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी बैंकों के जिला समन्वयकों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें, ताकि पात्र लाभार्थियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जिन बैंकों का समेकित ऋण-जमा अनुपात संतोषजनक नहीं है, उनकी कार्यशैली से शासन को अवगत कराया जाएगा।

बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक ऋण स्वीकृत करने और पोर्टल पर प्रगति नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आरसेटी द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अब तक आयोजित प्रशिक्षणों का सत्यापन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया।

अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक ने बताया कि जनपद का समेकित ऋण-जमा अनुपात 55.67 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, इंडियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक की प्रगति अपेक्षित स्तर पर नहीं है।

बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति भी प्रस्तुत की गई। प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत जनपद में 8,14,147 सक्रिय खाते हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत 13,682 लाभार्थियों को 233.39 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण वितरित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में 1,389 लाभार्थियों को लाभ मिला है।

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत प्रथम ऋण में 585, द्वितीय ऋण में 236 तथा तृतीय ऋण में 169 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। वहीं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के 6,70,935, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के 2,11,050 तथा अटल पेंशन योजना के 1,04,699 लाभार्थी जनपद में जुड़े हुए हैं।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 1,829 आवेदन पत्रों के सापेक्ष 1,508 प्रकरणों में ऋण स्वीकृत किया गया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री सूक्ष्म उन्नयन योजना में 159, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में 93 तथा एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना में 33 लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराया गया है।

आरसेटी की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक जनपद में 330 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 9,126 लाभार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया है।

बैठक में आरबीआई के प्रतिनिधि ने बताया कि यदि किसी पात्र आवेदक के ऋण आवेदन का बैंक द्वारा अनावश्यक रूप से निस्तारण नहीं किया जाता है, तो वह आरबीआई के टोल फ्री नंबर 14441 अथवा आरबीआई के शिकायत पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकता है।

बैठक में उपायुक्त जिला ग्राम विकास अभिकरण कपिल कुमार, उपायुक्त स्वरोजगार सुषमा, उपनिदेशक कृषि अरविंद मिश्रा, उपायुक्त उद्योग सोनल जिंदल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।